एजेंसी न्यूज

भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव, कोरिया और चीन के खिलाफ मैच रद्द

एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में हिस्सा ले रही भारतीय महिला हॉकी टीम की एक सदस्य कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पायी गयी है जिसके कारण मेजबान और गत चैम्पियन कोरिया और चीन के खिलाफ होने वाले अगले दोनों मैच रद्द कर दिये गए.

भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी कोविड पॉजिटिव, कोरिया और चीन के खिलाफ मैच रद्द
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Pixabay)

डोंगहे (दक्षिण कोरिया), आठ दिसंबर: एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में हिस्सा ले रही भारतीय महिला हॉकी टीम की एक सदस्य कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पायी गयी है जिसके कारण मेजबान और गत चैम्पियन कोरिया और चीन के खिलाफ होने वाले अगले दोनों मैच रद्द कर दिये गए. हॉकी इंडिया के एक सूत्र ने पुष्टि की कि एक खिलाड़ी का परीक्षण नतीजा पॉजिटिव आया है जिसके बाद एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) ने अपने ट्विटर हैंडल पर बयान जारी किया लेकिन संबंधित खिलाड़ी की जानकारी नहीं दी.

एएचएफ ने ट्वीट किया, ‘‘एशियाई हॉकी महासंघ को यह सूचित करते हुए खेद है कि टीम इंडिया के नियमित कोविड परीक्षण के दौरान कल एक नतीजा पॉजिटिव आया है. ’’ एएचएफ ने कहा, ‘‘कोरिया और भारत के बीच आज दोपहर तीन बजे होने वाले मुकाबले का आयोजन नहीं होगा. जल्द ही आगे की जानकारी दी जाएगी. ’’

इसके बाद शाम को हॉकी इंडिया ने ट्वीट किया ,‘‘खिलाड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सर्वोपरि है जिसे ध्यान में रखते हुए चीन के खिलाफ नौ दिसंबर को होने वाला मैच भी नहीं खेला जायेगा . ’’ महामारी ने मंगलवार को ही टूर्नामेंट को प्रभावित कर दिया था जब भारत का मलेशिया के खिलाफ दूसरा मैच कोविड से जुड़े मुद्दों के कारण रद्द कर दिया गया था.

मलेशिया को प्रतियोगिता के कम से कम पहले दो दिन बाहर रहना पड़ा क्योंकि उसकी एक खिलाड़ी नूरुल फ़ैज़ाह शफ़ीक़ाह ख़लीम का दक्षिण कोरिया पहुंचने पर किया गया कोविड-19 का परीक्षण पॉजिटिव आया था.

सूत्रों के अनुसार मलेशिया की तरह भारतीय दल को भी एक खिलाड़ी का परीक्षण पॉजिटिव आने के बाद पृथकवास पर रहना पड़ सकता है. पिछली बार के उप विजेता भारत ने इससे पहले थाईलैंड को 13-0 से करारी शिकस्त दी थी जिसमें ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने पांच गोल किये थे.

भारत अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की महिला रैंकिंग में नौवें स्थान पर है और इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है. महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पहले 2020 में किया जाना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे कई बार स्थगित करना पड़ा था.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 08, 2021 08:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).