भारत 2020 में करेगा अंडर-17 महिला फुटबॉल वर्ल्ड कप की मेजबानी
फ्रांस और भारत ने अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी में रुची दिखाई थी और अंत में इसके लिए भारत को चुना गया.
भारत (India) 2020 में होने वाले अंडर-17 महिला फुटबॉल विश्व कप (U-17 Women’s World Cup) की मेजबानी करेगा. विश्व फुटबॉल की नियामक संस्था फीफा (FIFA) ने शुक्रवार को यह घोषणा की. फीफा अध्यक्ष गियानी इंफैन्टिनो ने यहां फीफा परिषद की बैठक के बाद कहा, "हमने यह निर्णय लिया है कि भारत 2020 में महिला विश्व कप की मेजबानी करेगा." 'ईएसपीएन' के अनुसार, यह दूसरी बार है जब भारत किसी फीफा टूर्नामेंट की मेजबानी करेगा. इससे पहले, भारत ने 2017 में अंडर-17 पुरुष विश्व कप की मेजबानी की थी जिसका खिताब इंग्लैंड ने जीता था. कोलकाता (Kolkata) में हुए फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने स्पेन को 5-2 से करारी शिकस्त दी थी.
अंडर-17 महिला विश्व कप का यह सातवां संस्करण होगा और दूसरी बार इसका आयोजन एशिया में होगा. 2016 में जॉर्डन ने इस प्रतियोगिता की मेजबानी की थी जिसे उत्तर कोरिया ने अपने नाम किया था. फ्रांस और भारत ने अंडर-17 विश्व कप की मेजबानी में रुची दिखाई थी और अंत में इसके लिए भारत को चुना गया. यह भी पढ़ें- आईपीएल 2019: वॉरियर कोलकाता से जुड़े, मावी व नागरकोटी बाहर
इस प्रतियोगिता की शुरुआत 2008 में हुई थी जिसकी मेजबानी न्यूजीलैंड ने की थी. स्पेन टूर्नामेंट का मौजूदा चैम्पियन है. एशियाई टीमें को इसमें सबसे अधिक सफलता मिली है. उत्तर कोरिया (2008 और 2016) ने दो जबकि जापान और दक्षिण कोरिया ने इसे एक-एक बार जीता है.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 16, 2019 07:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

