मध्यप्रदेश: सड़क हादसे में चार राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ियों की हुई मौत, 3 गंभीर रूप से घायल, सीएम कमलनाथ ने जताया शोक
मध्यप्रदेश के होशंगाबाद जिले में एक सड़क हादसे में चार राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ियों की मौत हो गई है, वहीं तीन खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. सीएम कमलनाथ ने शोक जताया है और घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है. ध्यानचंद हॉकी टूर्नामेंट में मैच खेलने जा रहे हाकी खिलाड़ियों की स्विफ्ट डिजायर कार होशंगाबाद-इटारसी मार्ग पर रैसलपुर के नजदीक पेड़ से जा टकराई.
मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) के होशंगाबाद जिले में एक सड़क हादसे में चार राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ियों की मौत हो गई है, वहीं तीन खिलाड़ी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. मुख्यमंत्री कमलनाथ (Kaml Nath) ने इस हादसे पर शोक जताया है और घायलों के बेहतर इलाज का भरोसा दिलाया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, होशंगाबाद में चल रहे ध्यानचंद हॉकी टूर्नामेंट में मैच खेलने जा रहे हाकी खिलाड़ियों की स्विफ्ट डिजायर कार सोमवार सुबह होशंगाबाद-इटारसी मार्ग पर रैसलपुर के नजदीक पेड़ से जा टकराई.
इस हादसे में चार हॉकी खिलाड़ियों शहनवाज खान,आदर्श हरदुआ, आशीश लाल और अनिकेत की मौत हो गई है, वहीं तीन खिलाड़ी घायल हुए हैं. मिली जानकारी के अनुसार, चारों राष्ट्रीय स्तर के हॉकी खिलाड़ी थे.
यह भी पढ़ें : मध्यप्रदेश के सीएम कमलनाथ बोले, जो काम बीजेपी ने 15 साल में नहीं किया, उसे मेरी सरकार 15 महीने में करके दिखाएगी
मुख्यमंत्री कमलनाथ ने इस हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए ट्वीट किया है, "होशंगाबाद में हॉकी टूर्नामेंट में शामिल होने जा रहे हॉकी खिलाड़ियों के वाहन की रैसलपुर गांव के पास दुर्घटना होने की खबर बेहद दुखद है. दुर्घटना में मृत खिलाड़ियों के परिवारों के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना. घायलों का समुचित इलाज कराने व पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं."
पुलिस अधीक्षक एम एल छारी ने आईएएनएस को बताया, "होशंगाबाद में मैच खेलने के बाद ये खिलाड़ी इटारसी आ गए थे और आज सुबह होशंगाबाद वापस जा रहे थे तभी उनका वाहन पेड़ से जा टकराया. इस हादसे में चार की मौत हो गई है और तीन घायल हुए हैं."
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 14, 2019 12:47 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

