FIFA World Cup 2026: फुटबॉल के सबसे बड़े टूर्नामेंट फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून 2026 से होगा. भारतीय समयानुसार टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 12 जून को खेला जाएगा. यह विश्व कप इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होगा, जिसमें पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी. इस टूर्नामेंट की मेजबानी संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको कर रहे हैं. इस बार का टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक होगा, क्योंकि पहली बार विश्व कप में 32 नहीं बल्कि 48 टीमें हिस्सा लेंगी. यह प्रतियोगिता संयुक्त रूप से अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की मेजबानी में आयोजित होगी और 104 मैचों के साथ अब तक का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप साबित होगी. यह भी पढ़ें: FIFA World Cup 2026 Live Telecast In India: भारत में किन टीवी चैनलों पर होगा फीफा वर्ल्ड कप 2026 का लाइव प्रसारण? जानिए पूरी डिटेल्स
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के शुरू होने में अब एक हफ्ते से भी कम समय बचा है. इस बीच जर्मनी के गणितज्ञ योआखिम क्लेमेंट एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं. इसकी वजह उनकी विश्व कप विजेता को लेकर की गई भविष्यवाणी है. क्लेमेंट ने साल 2014 में जर्मनी, साल 2018 में फ्रांस और साल 2022 में अर्जेंटीना को विश्व कप चैंपियन बनने का अनुमान लगाया था. खास बात यह रही कि उनकी तीनों भविष्यवाणियां सही साबित हुईं. अब फीफा वर्ल्ड कप ने 2026 विश्व कप के लिए नीदरलैंड्स को खिताब का प्रबल दावेदार बताया है.
खुद भी चौंक गए थे योआखिम क्लेमेंट
योआखिम क्लेमेंट का कहना है कि उन्होंने अपना मॉडल विश्व कप विजेता का सटीक अनुमान लगाने के लिए नहीं, बल्कि यह दिखाने के लिए बनाया था कि फुटबॉल जैसे खेल में भविष्यवाणी करना कितना कठिन होता है. क्लेमेंट ने कहा कि साल 2014 में जब जर्मनी ने ब्राजील में विश्व कप जीता तो वह खुद हैरान रह गए थे. उस समय अधिकांश विशेषज्ञों का मानना था कि दक्षिण अमेरिका में कोई यूरोपीय टीम विश्व कप नहीं जीत सकती.
कैसे काम करता है योआखिम क्लेमेंट का मॉडल?
योआखिम क्लेमेंट का मॉडल केवल टीम के प्रदर्शन पर आधारित नहीं है. इसमें कई आर्थिक और सामाजिक कारकों को भी शामिल किया जाता है. मॉडल में प्रति व्यक्ति जीडीपी, देश की आबादी, फुटबॉल की लोकप्रियता, फीफा रैंकिंग और अन्य सांख्यिकीय आंकड़ों को ध्यान में रखा जाता है. इसके अलावा वह मानते हैं कि फुटबॉल में किस्मत की भी बड़ी भूमिका होती है, इसलिए मॉडल में 'लक फैक्टर' को भी शामिल किया गया है.
किसे हराकर चैंपियन बनेगा नीदरलैंड्स?
योआखिम क्लेमेंट के मॉडल के अनुसार, नीदरलैंड्स सेमीफाइनल में स्पेन को हराकर फाइनल में पहुंचेगा. दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लैंड और पुर्तगाल आमने-सामने होंगे, जिसमें पुर्तगाल जीत दर्ज करेगा. इसके बाद फाइनल मुकाबले में नीदरलैंड्स, पुर्तगाल को हराकर पहली बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करेगा. हालांकि, क्लेमेंट खुद लोगों को उनकी भविष्यवाणी के आधार पर कोई दांव लगाने की सलाह नहीं देते हैं. उनका मानना है कि फुटबॉल में नतीजे अक्सर अप्रत्याशित होते हैं.
वर्ल्ड कप में कैसा रहा है नीदरलैंड्स का प्रदर्शन?
नीदरलैंड्स की टीम अब तक एक भी फीफा वर्ल्ड कप खिताब नहीं जीत सकी है. हालांकि टीम तीन बार फाइनल तक पहुंच चुकी है. नीदरलैंड्स ने 1974, 1978 और 2010 में फाइनल खेला था, लेकिन हर बार उसे हार का सामना करना पड़ा. 2014 वर्ल्ड कप में टीम तीसरे स्थान पर रही थी. वहीं 2018 में वह टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी थी. साल 2022 विश्व कप में नीदरलैंड्स का सफर क्वार्टरफाइनल तक रहा था.
ग्रुप एफ में है नीदरलैंड्स
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नीदरलैंड्स को ग्रुप एफ में रखा गया है. इस ग्रुप में जापान, स्वीडन और ट्यूनीशिया भी शामिल हैं. नीदरलैंड्स अपना पहला मुकाबला 14 जून को जापान के खिलाफ खेलेगा. अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या योआखिम क्लेमेंट की लगातार चौथी भविष्यवाणी भी सही साबित होती है या नहीं.













QuickLY