Virat Kohli-Rohit Sharma Next ODI Series: रोहित-विराट की वापसी का इंतजार खत्म! इस दिन न्यूजीलैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे दोनों दिग्गज
भारतीय टीम का अगला विदेशी दौरा न्यूजीलैंड का है. इस दौरे पर टीम इंडिया लगभग 45 दिनों तक कीवी टीम के खिलाफ क्रिकेट खेलेगी. दोनों टीमों के बीच 5 टी20 इंटरनेशनल, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज आयोजित होगी.
Virat Kohli Rohit Sharma Next Match: भारतीय क्रिकेट टीम के दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा को एक बार फिर नीली जर्सी में देखने का इंतजार जल्द खत्म होने वाला है. दोनों स्टार खिलाड़ी टी20 इंटरनेशनल और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. ऐसे में फैंस की नजरें टीम इंडिया की अगली वनडे सीरीज पर टिकी हैं, जिसमें रोहित और विराट एक बार फिर मैदान पर उतरते नजर आएंगे.
न्यूजीलैंड दौरे पर वनडे सीरीज खेलेगी टीम इंडिया
भारतीय टीम का अगला विदेशी दौरा न्यूजीलैंड का है. इस दौरे पर टीम इंडिया लगभग 45 दिनों तक कीवी टीम के खिलाफ क्रिकेट खेलेगी. दोनों टीमों के बीच 5 टी20 इंटरनेशनल, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैचों की सीरीज आयोजित होगी. टी20 सीरीज की शुरुआत 22 अक्टूबर से होगी, जबकि वनडे सीरीज 4 नवंबर से खेली जाएगी. इसके बाद 19 नवंबर से टेस्ट सीरीज का आगाज होगा.
कब खेलेंगे विराट कोहली और रोहित शर्मा?
रोहित शर्मा और विराट कोहली अब केवल वनडे क्रिकेट खेलते हैं. ऐसे में दोनों दिग्गज न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज में अगली बार एक्शन में नजर आएंगे. इस सीरीज का पहला मुकाबला 4 नवंबर को खेला जाएगा, जबकि आखिरी मैच 15 नवंबर को होगा. हालांकि भारतीय टीम का आधिकारिक ऐलान अभी नहीं हुआ है, लेकिन दोनों अनुभवी खिलाड़ियों का चयन लगभग तय माना जा रहा है. दोनों का मुख्य लक्ष्य 2027 वनडे विश्व कप है और इसी को ध्यान में रखते हुए वे लगातार वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं.
पिछली वनडे सीरीज में रहा शानदार प्रदर्शन
रोहित शर्मा और विराट कोहली आखिरी बार वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में खेलते नजर आए थे. रोहित शर्मा ने तीन मैचों में 75 की औसत से 239 रन बनाए, जिसमें एक शतक शामिल था. वहीं विराट कोहली ने तीन पारियों में 84 की औसत से 168 रन बनाए और उनके बल्ले से भी एक शानदार शतक निकला.
न्यूजीलैंड की वनडे टीम घोषित
न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है.
पहले तीन वनडे के लिए टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जैमीसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग.
चौथे और पांचवें वनडे के लिए टीम: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैको डफी, मैट फिशर, मिच हे (विकेटकीपर), टिम साइफर्ट (विकेटकीपर), निक केली, ब्लेयर टिकनर और विल यंग.
भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज 2026 का पूरा शेड्यूल
पहला वनडे 4 नवंबर 2026 भारत vs न्यूजीलैंड ईडन पार्क, ऑकलैंड
दूसरा वनडे 7 नवंबर 2026 भारत vs न्यूजीलैंड एचएनआरवाई स्टेडियम, वेलिंगटन
तीसरा वनडे 10 नवंबर 2026 भारत vs न्यूजीलैंड सेडन पार्क, हैमिल्टन
चौथा वनडे 13 नवंबर 2026 भारत vs न्यूजीलैंड बे ओवल, माउंट माउंगानुई
पांचवां वनडे 15 नवंबर 2026 भारत vs न्यूजीलैंड बे ओवल, माउंट माउंगानुई.