Team India Journey T20 World Cup 2026: ऐसा रहा टीम इंडिया का फाइनल तक का सफर, उतार-चढ़ाव के बीच खिताबी मुकाबले में बनाई जगह
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत ग्रुप-ए में यूएसए के खिलाफ मुकाबले से की. इस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. उन्होंने 84 रनों की नाबाद पारी खेली. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए.
India Road To Final T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही भारतीय टीम को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था. सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले फाइनल के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है. हालांकि इस बार भारतीय टीम का सफर पूरी तरह आसान नहीं रहा. टीम को बीच टूर्नामेंट में एक बड़ी हार भी झेलनी पड़ी, लेकिन इसके बावजूद टीम इंडिया ने शानदार वापसी करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया. यह भी पढ़ें: India vs New Zealand, ICC T20 World Cup 2026 Final Match: टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच खेले गए टी20 इंटरनेशनल मुकाबलों में इन खिलाड़ियों ने मचाया तांडव, सबसे ज्यादा रन और विकेट लेने वाले प्लेयर्स की लिस्ट
यूएसए के खिलाफ जीत से की टूर्नामेंट की शुरुआत
भारतीय टीम ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत ग्रुप-ए में यूएसए के खिलाफ मुकाबले से की. इस मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला. उन्होंने 84 रनों की नाबाद पारी खेली. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 161 रन बनाए. जवाब में यूएसए की टीम 20 ओवर में 132 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 29 रन से जीत लिया.
नामीबिया के खिलाफ हार्दिक पांड्या का ऑलराउंड शो
टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में भारत का सामना नामीबिया से हुआ. यह मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए. हार्दिक पांड्या ने 28 गेंदों में 52 रनों की शानदार पारी खेली. इसके बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने दो विकेट झटके. नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर सिमट गई और भारत ने यह मैच 93 रन से जीत लिया.
पाकिस्तान के खिलाफ बड़ी जीत, ईशान किशन का कमाल
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला हमेशा से हाईवोल्टेज रहता है. इस टूर्नामेंट में दोनों टीमों की भिड़ंत कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हुई. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए. ईशान किशन ने शानदार 77 रन की पारी खेली. जवाब में पाकिस्तान की टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई. भारत ने यह मुकाबला 61 रन से जीतकर सुपर-8 में जगह बना ली.
नीदरलैंड्स को हराकर ग्रुप स्टेज किया खत्म
ग्रुप स्टेज के आखिरी मुकाबले में भारत ने नीदरलैंड्स को हराया. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 193 रन बनाए. शिवम दुबे ने 66 रन की अहम पारी खेली. जवाब में नीदरलैंड्स की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 176 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 17 रन से जीत लिया.
साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली बड़ी हार
सुपर-8 के पहले मैच में भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा. अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 187 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम की बल्लेबाजी बुरी तरह से लड़खड़ा गई और पूरी टीम 111 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत को इस मैच में 76 रन से हार मिली.
जिम्बाब्वे को हराकर की दमदार वापसी
साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई थी. इसके बाद टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे के खिलाफ शानदार वापसी की. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने 20 ओवर में 256 रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने 55 और हार्दिक पांड्या ने नाबाद 50 रन की पारी खेली. जवाब में जिम्बाब्वे की टीम 184 रन ही बना सकी और भारत ने यह मुकाबला 72 रन से जीत लिया.
वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह
सुपर-8 के आखिरी मुकाबले में भारत का सामना वेस्टइंडीज से हुआ. कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 195 रन बनाए. जवाब में भारत की ओर से संजू सैमसन ने शानदार बल्लेबाजी की. उन्होंने 97 रन की नाबाद पारी खेली और भारत को 5 विकेट से जीत दिलाई. इस जीत के साथ भारत ने सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली.
सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में एंट्री
सेमीफाइनल मुकाबले में भारत का सामना इंग्लैंड से हुआ. यह मैच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला गया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253 रन का बड़ा स्कोर बनाया. संजू सैमसन ने 89 रन की शानदार पारी खेली. जवाब में इंग्लैंड की टीम ने भी कड़ी टक्कर दी, लेकिन वह 246 रन तक ही पहुंच सकी. भारत ने यह मुकाबला 7 रन से जीत लिया और टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह बना ली.
अब 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत का सामना न्यूजीलैंड से होगा. सभी की नजरें अब इस खिताबी मुकाबले पर टिकी हैं कि क्या टीम इंडिया तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में सफल होगी.
नोट: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के मैच का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.