Pakistan-England Fans Clash: पल्लेकेले में पाक-इंग्लैंड मैच के बाद प्रशंसकों में भिड़ंत, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में मंगलवार को इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच हुए रोमांचक मुकाबले के बाद स्टैंड्स में हंगामा देखने को मिला. इंग्लैंड की दो विकेट से जीत के बाद एक पाकिस्तानी प्रशंसक और एक अंग्रेज प्रशंसक के बीच हाथापाई हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

टी20 विश्व कप 2026 के सुपर-8 चरण में मंगलवार को इंग्लैंड ने पाकिस्तान को एक बेहद रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से हरा दिया. हालांकि, मैदान पर चल रही इस कड़ी प्रतिस्पर्धा का असर स्टैंड्स में भी दिखाई दिया. मैच खत्म होने के तुरंत बाद पल्लेकेले इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान और इंग्लैंड के प्रशंसकों के बीच हिंसक झड़प हो गई. स्थिति बिगड़ने ही वाली थी कि स्थानीय श्रीलंकाई समर्थकों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया.

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों ओर के प्रशंसक एक-दूसरे से उलझते नजर आ रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. इस दौरान वहां मौजूद अन्य दर्शकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. गनीमत रही कि श्रीलंकाई प्रशंसकों ने समय रहते हस्तक्षेप किया और दोनों को अलग किया.

'सीरियल ऑफेंडर' के रूप में हुई पाकिस्तानी प्रशंसक की पहचान

वीडियो के वायरल होने के बाद, इसमें शामिल पाकिस्तानी प्रशंसक की पहचान 'सऊद' के रूप में हुई है. ऑस्ट्रेलियाई इन्फ्लुएंसर जेक जीनिंग्स (Jake Jeanings) ने इस वीडियो को साझा करते हुए सऊद को 'सीरियल ऑफेंडर' (लगातार अपराध करने वाला) करार दिया. जीनिंग्स ने दावा किया कि इस टूर्नामेंट में सऊद पहले भी इस तरह की उकसावे वाली हरकतों में शामिल रहा है. जीनिंग्स ने एक्स (X) पर लिखा कि ऐसे व्यवहार पर आईसीसी (ICC) को सख्त कदम उठाने की जरूरत है.

सऊद ने इंग्लिश समर्थक पर लगाए आरोप

दूसरी ओर, आरोपी पाकिस्तानी प्रशंसक सऊद ने खुद का बचाव करते हुए अंग्रेजी समर्थक पर गंभीर आरोप लगाए हैं. सऊद का दावा है कि इंग्लिश फैन उन पर बीयर की बोतलें फेंक रहा था और पहले बदतमीजी उसी की ओर से की गई थी. हालांकि, स्टेडियम में मौजूद अन्य चश्मदीदों और वायरल वीडियो से स्थिति कुछ अलग ही नजर आ रही है.

Share Now

\