Shubman Gill ICC ODI Rankings: शुभमन गिल ने विराट कोहली को छोड़ा पीछे, आईसीसी वनडे रैंकिंग में बने दुनिया के नंबर-2 बल्लेबाज
शुभमन गिल फिलहाल 791 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं और नंबर-1 बल्लेबाज डेरिल मिचेल से केवल 24 अंक पीछे हैं. ऐसे में आगामी वनडे मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन कर गिल दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बनने का सपना पूरा कर सकते हैं. वहीं विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं.
Shubman Gill Overtakes Virat Kohli In ICC ODI Rankings: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा स्टार बल्लेबाज और कप्तान शुभमन गिल ने आईसीसी की ताजा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है. 24 जून 2026 को जारी नवीनतम रैंकिंग में शुभमन गिल ने पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए दुनिया के नंबर-2 वनडे बल्लेबाज का स्थान हासिल कर लिया है. अफगानिस्तान के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन का उन्हें बड़ा फायदा मिला है. यह भी पढ़ें: Rohit Sharma Padma Shri Award: पद्म श्री से सम्मानित हुए रोहित शर्मा, सचिन-विराट के खास क्लब में हुई एंट्री; जानिए किन क्रिकेटरों को मिले हैं तीनों बड़े सम्मान
शुभमन गिल ने पूरी सीरीज में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए भारत को 3-0 से क्लीन स्वीप दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. उनकी कप्तानी और बल्लेबाजी दोनों की खूब सराहना हुई. गिल को इस शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द सीरीज भी चुना गया, जो उनके वनडे करियर का छठा प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड था. इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा की बराबरी कर ली है.
अफगानिस्तान के खिलाफ जमकर बोला था शुभमन गिल का बल्ला
धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में शुभमन गिल ने नाबाद 84 रन बनाकर भारत को सात विकेट से जीत दिलाई थी. इसके बाद लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेले गए दूसरे वनडे में उन्होंने सिर्फ 110 गेंदों में 154 रन की विस्फोटक पारी खेली. यह उनके वनडे करियर का नौवां शतक था. उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने 402 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया और 170 रन से मुकाबला जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली.
तीन मैचों की सीरीज में शुभमन गिल ने 238.00 की औसत और 135.23 की स्ट्राइक रेट से कुल 238 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और एक अर्धशतक निकला. चेन्नई में खेले गए तीसरे वनडे में भारत ने नौ विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में क्लीन स्वीप पूरा किया.
आईसीसी वनडे बल्लेबाज़ी रैंकिंग (24 जून 2026)
| रैंक | खिलाड़ी | टीम | रेटिंग अंक |
|---|---|---|---|
| 1 | डेरिल मिचेल | न्यूजीलैंड | 815 |
| 2 | शुभमन गिल | भारत | 791 |
| 3 | विराट कोहली | भारत | 768 |
| 4 | रोहित शर्मा | भारत | 754 |
| 5 | इब्राहिम जादरान | अफगानिस्तान | 713 |
नंबर-1 बनने से सिर्फ 24 अंक दूर
शुभमन गिल फिलहाल 791 रेटिंग अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं और नंबर-1 बल्लेबाज डेरिल मिचेल से केवल 24 अंक पीछे हैं. ऐसे में आगामी वनडे मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन कर गिल दुनिया के नंबर-1 वनडे बल्लेबाज बनने का सपना पूरा कर सकते हैं. वहीं विराट कोहली तीसरे और रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं. शीर्ष-4 में तीन भारतीय बल्लेबाजों की मौजूदगी एक बार फिर वनडे क्रिकेट में भारत की बल्लेबाजी ताकत को दर्शाती है.