क्रिकेट

CSK vs DC, IPL 2019 Live Cricket Score: यहां देखें CSK vs DC के आज के मैच का लाइव क्रिकेट स्कोर

आज चेन्नई (Chennai) के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (M. A. Chidambaram Stadium) में इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के 12वें सीजन के 50वें मुकाबले में मेजबान टीम चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) का मुकाबला इस सीजन की सबसे सफल टीम दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के साथ है.

CSK vs DC, IPL 2019 Live Cricket Score: यहां देखें CSK vs DC के आज के मैच का लाइव क्रिकेट स्कोर
दिल्ली कैपिटल्स बनाम चेन्नई सुपर किंग्स (Photo Credits: File Photo)

IPL 2019: आज चेन्नई (Chennai) के एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम (M. A. Chidambaram Stadium) में इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के 12वें सीजन के 50वें मुकाबले में मेजबान टीम चेन्नई सुपर किंग्स (Chennai Super Kings) का मुकाबला इस सीजन की सबसे सफल टीम दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) के साथ है. आज के मैच में दोनों टीमों की कोशिश पहले स्थान को अपने पास रखने की होगी. दिल्ली ने छह सीजन के बाद प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई किया है. युवा कप्तान श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली इस युवा टीम ने खेल के सभी क्षेत्रों में कमाल का प्रदर्शन करते हुए अपने आप को साबित किया है. टीम के पास शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, ऋषभ पंत जैसे बल्लेबाज हैं जो लगातार बल्ले से अपना योगदान दे रहे हैं.

दिल्ली के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन का बल्ला लगातार रन उगल रहा है. धवन ने अभी तक खेले 12 मैचों में 451 रन बनाए हैं. टीम को यहां तक पहुंचाने में धवन का अहम योगदान रहा है. कप्तान अय्यर का बल्ला भी अच्छा चल रहा है, लेकिन पंत और पृथ्वी शॉ के प्रदर्शन में निरंतरता की कमी इस टीम को चेन्नई के खिलाफ खल सकती है. ऐसे में टीम प्रबंधन चाहेगा की उसके दो प्रतिभाशाली युवा बल्लेबाज बल्ले से निरंतरता हासिल करें. निचले क्रम में टीम के पास शेरफन रदरफोर्ड, कोलिन इनग्राम, क्रिस मौरिस हैं जो बड़े शॉट्स लगाने में माहिर हैं.

यह भी पढ़ें- CSK vs DC, IPL 2019 Live Cricket Streaming and Score: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम दिल्ली कैपिटल्स के मैच को आप हॉटस्टार पर देख सकते हैं लाइव

दिल्ली का गेंदबाजी आक्रमण इस सीजन का सबसे बेहतर गेंदबाजी आक्रमणों में से एक हैं. कागिसो रबाडा की अगुआई में टीम ने गेंदबाजी में दमदार प्रदर्शन किया है. ईशांत शर्मा को जब मौका मिला है उन्होंने अपने अनुभव का बेहतरीन इस्तेमाल किया है. दिल्ली ने पिछले मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर को अपने घर में 16 रन से मात दे न सिर्फ प्लेऑफ में जगह बनाई थी बल्कि पहले स्थान पर भी कब्जा किया था. चेन्नई के खिलाफ वह अपने शीर्ष स्थान को बचाने के लिए भरसक प्रयास करेगी.

वहीं, चेन्नई को आदत है कि वह पहले स्थान पर रहे. इसलिए दिल्ली को पटखनी देने के लिए महेंद्र सिंह धोनी की टीम बेताब होगी. चेन्नई अपने घर में खेल रही है इसलिए उसका आत्मविश्वास काफी ऊपर होगा. उसे हालांकि अपने घर में पिछले मैच में मुंबई इंडियंस से हार मिली थी, लेकिन यह उसकी अपने घर में इस सीजन की इकलौती हार है.

यह भी पढ़ें- IPL 2019: रोहित शर्मा ने किया आचार संहिता का उल्लंघन, लगा बड़ा जुर्माना

चेन्नई के पास T20 के बड़े नाम शेन वाटसन, ड्वायन ब्रावो, सुरेश रैना, धोनी हैं. इस सीजन वाटसन का बल्ला ज्यादा कुछ नहीं कर पाया था लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 96 रनों की पारी खेल उन्होंने फॉर्म में वापसी के संकेत दे दिए थे. धोनी पूरे सीजन कमाल की फॉर्म में हैं. उनका फॉर्म में होना दिल्ली के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय हो सकता है. वहीं, गेंदबाजी में शार्दूल ठाकुर, हरभजन सिंह, ब्रावो, वाटसन, मिशेल सैंटनर पर टीम की जिम्मेदारी होगी.

(The above story first appeared on LatestLY on May 01, 2019 06:10 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).