क्रिकेट

India vs Sri Lanka Test Series 2026: आखिरी बार श्रीलंका से कब हारी थी टीम इंडिया टेस्ट सीरीज? जानिए दोनों टीमों के बीच कैसा रहा है रिकॉर्ड

लगभग 9 साल बाद भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 46 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 22 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका को 7 मैचों में सफलता मिली है. ऐसे में आइए जानते हैं कि भारतीय टीम आखिरी बार श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज कब हारी थी.

India vs Sri Lanka Test Series 2026: आखिरी बार श्रीलंका से कब हारी थी टीम इंडिया टेस्ट सीरीज? जानिए दोनों टीमों के बीच कैसा रहा है रिकॉर्ड
टीम इंडिया बनाम श्रीलंका (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Sri Lanka National Cricket Team vs India National Cricket Team Test Series 2026: श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15-19 अगस्त तक खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला गॉल (Galle) के गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (Galle International Stadium) में भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा. टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने 28 जुलाई को टीम इंडिया का ऐलान कर दिया है. इस टीम में सबसे बड़ा आकर्षण मध्य प्रदेश के अनुभवी ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सरांश जैन का पहला टेस्ट कॉल-अप रहा. 33 वर्षीय खिलाड़ी को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में जगह मिली है. वहीं, वॉशिंगटन सुंदर दाएं हैमस्ट्रिंग स्ट्रेन के कारण कम से कम पहले टेस्ट से बाहर हो गए हैं, जिसकी वजह से सरांश जैन को मौका मिला है. इस सीरीज में टीम इंडिया की कमान शुभमन गिल (Shubman Gill) संभालेंगे. यह भी पढ़ें: India vs Sri Lanka Test Series 2026 Full Schedule: टीम इंडिया बनाम श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए दोनों टीमें, शेड्यूल और सभी अहम जानकारी

लगभग 9 साल बाद भारतीय टीम श्रीलंका दौरे पर टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 46 टेस्ट मैच खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 22 मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि श्रीलंका को 7 मैचों में सफलता मिली है. ऐसे में आइए जानते हैं कि भारतीय टीम आखिरी बार श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज कब हारी थी.

2008 में श्रीलंका ने आखिरी बार भारत को हराई थी टेस्ट सीरीज

भारतीय टीम आखिरी बार साल 2008 में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज हारी थी. तीन मैचों की उस सीरीज में श्रीलंका ने भारत को 2-1 से मात दी थी. कोलंबो में खेले गए पहले टेस्ट में श्रीलंका ने एक पारी और 239 रन से शानदार जीत दर्ज की थी. इसके बाद भारत ने गॉल टेस्ट में जोरदार वापसी करते हुए 170 रन से मुकाबला अपने नाम किया. हालांकि, निर्णायक तीसरे टेस्ट में श्रीलंका ने 8 विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज अपने नाम कर ली. उस समय श्रीलंका की कप्तानी महेला जयवर्धने और भारत की कप्तानी अनिल कुंबले कर रहे थे.

2008 के बाद भारत का रहा है दबदबा

2008 की सीरीज के बाद भारत और श्रीलंका के बीच 6 टेस्ट सीरीज खेली गई हैं. इस दौरान दोनों टीमों ने 3-3 बार मेजबानी की. इन 6 सीरीज में भारत ने 5 सीरीज जीती हैं, जबकि 2010 में श्रीलंका में खेली गई टेस्ट सीरीज 1-1 से ड्रॉ रही थी. भारत ने 2015 में विराट कोहली (Virat Kohli) की कप्तानी में श्रीलंका को 2-1 से हराया था. इसके बाद 2017 में भारतीय टीम ने श्रीलंका का उसके घर में 3-0 से क्लीन स्वीप किया था.

श्रीलंका में भारत का रिकॉर्ड

भारतीय टीम ने श्रीलंका की धरती पर अब तक 24 टेस्ट मैच खेले हैं. इनमें भारत ने 9 मैच जीते हैं, जबकि 7 मुकाबलों में हार का सामना किया है. 8 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं. सबसे खास बात यह है कि भारत ने श्रीलंका में खेले गए अपने पिछले 5 टेस्ट मैच लगातार जीते हैं. वहीं श्रीलंका ने भारत के खिलाफ अपने घर में आखिरी टेस्ट जीत 2015 में दर्ज की थी.

श्रीलंका में टेस्ट सीरीज का रिकॉर्ड

श्रीलंका की धरती पर भारत और श्रीलंका के बीच अब तक 8 टेस्ट सीरीज खेली गई हैं. इनमें भारत और श्रीलंका ने 3-3 सीरीज जीती हैं, जबकि 2 सीरीज ड्रॉ रही हैं. हालिया रिकॉर्ड पर नजर डालें तो भारतीय टीम का पलड़ा पूरी तरह भारी नजर आता है. श्रीलंका ने भारत के खिलाफ अपने पिछले 10 टेस्ट मैचों में से 8 मुकाबले गंवाए हैं. ऐसे में शुभमन गिल (Shubman Gill) की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस शानदार रिकॉर्ड को बरकरार रखने के इरादे से मैदान में उतरेगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 08, 2026 02:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).