India vs New Zealand, T20 World Cup Final Pitch Report: अहमदाबाद में काली या लाल मिट्टी की पिच? फाइनल से पहले पिच को लेकर बड़ा खुलासा

अब न्यूजीलैंड के पास मौका होगा कि वह इस मैदान पर इतिहास रचते हुए अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप जीत सके. हालांकि उनके सामने मेजबान भारत की कड़ी चुनौती होगी. वहीं एक लाख से ज्यादा दर्शकों की क्षमता वाला नरेंद्र मोदी स्टेडियम और यहां की पिच भी मैच के नतीजे पर बड़ा असर डाल सकती है.

नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Credit: Wikipedia)

Indian National Cricket Team vs New Zealand National Cricket Team, T20 World Cup 2026 Final Match: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला कल यानी 8 मार्च को भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में भारतीय समयानुसार शाम 7:00 बजे से खेला जाएगा. दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड की टीम को सात रनों से हरा दिया. इसके साथ ही टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली हैं. वहीं, पहले सेमीफाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड की टीम ने दक्षिण अफ्रीका को नौ विकेट से हरा दिया था. इस टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) कर रहे हैं, जबकि न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) के हाथों में है. यह भी पढ़ें: Sanju Samson T20I Stats At Narendra Modi Stadium: नरेंद्र मोदी स्टेडियम में टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कुछ ऐसा रहा हैं संजू सैमसन का प्रदर्शन, यहां देखें आकंड़ें

टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल मुकाबला भारत और न्यूजीलैंड के बीच 8 मार्च (रविवार) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह है. हालांकि इस मैदान से जुड़ी कुछ कड़वी यादें भी भारतीय फैंस के मन में ताजा हैं, क्योंकि इसी मैदान पर वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल खेला गया था, जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था.

अब न्यूजीलैंड के पास मौका होगा कि वह इस मैदान पर इतिहास रचते हुए अपना पहला टी20 वर्ल्ड कप जीत सके. हालांकि उनके सामने मेजबान भारत की कड़ी चुनौती होगी. वहीं एक लाख से ज्यादा दर्शकों की क्षमता वाला नरेंद्र मोदी स्टेडियम और यहां की पिच भी मैच के नतीजे पर बड़ा असर डाल सकती है.

अहमदाबाद में कैसी होगी पिच?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले इस फाइनल मुकाबले से पहले सबसे बड़ा सवाल यही था कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में काली मिट्टी की पिच इस्तेमाल होगी या लाल मिट्टी की. इस मैदान पर दोनों तरह की पिच मौजूद हैं, इसलिए इसे लेकर चर्चा तेज थी.

अब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मैच में न तो पूरी तरह काली मिट्टी की पिच होगी और न ही पूरी तरह लाल मिट्टी की. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल के लिए मिक्स मिट्टी वाली पिच तैयार की गई है, जिसमें काली और लाल दोनों मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है. हालांकि इस पिच में लाल मिट्टी की मात्रा ज्यादा बताई जा रही है.

लाल मिट्टी ज्यादा होने का क्या होगा फायदा?

फाइनल मुकाबले की पिच में लाल मिट्टी ज्यादा होने की वजह यह है कि इससे गेंद दोनों पारियों में बल्ले पर अच्छे से आएगी. इससे बल्लेबाजों को शॉट खेलने में मदद मिलेगी.

इसके अलावा लाल मिट्टी की पिच पर गेंदबाजों को भी अच्छा बाउंस मिलता है, जिससे तेज गेंदबाजों को शुरुआत में मदद मिल सकती है. यानी यह पिच बल्लेबाजों और गेंदबाजों दोनों के लिए संतुलित मानी जा रही है.

इस पिच पर पहले भी खेला जा चुका है मैच

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान इस तरह की पिच पर एक मुकाबला पहले भी खेला जा चुका है. उस मैच में दक्षिण अफ्रीका ने कनाडा के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 213 रन बनाए थे और कनाडा की टीम को 156 रन पर रोक दिया था.

ऐसे में अब न्यूजीलैंड की टीम भी इस पिच का फायदा उठाने की कोशिश करेगी और बड़ा स्कोर खड़ा करने की रणनीति के साथ मैदान में उतर सकती है.

काली और लाल मिट्टी की पिच में क्या होता है फर्क?

काली मिट्टी की पिच में नमी लंबे समय तक बनी रहती है और यह जल्दी सूखती नहीं है. मैच के दौरान इस पिच का व्यवहार बदल सकता है और यह अक्सर धीमी हो जाती है. ऐसी पिचों पर स्पिन गेंदबाजों को ज्यादा मदद मिलती है, क्योंकि समय के साथ पिच में दरारें पड़ने लगती हैं.

वनडे वर्ल्ड कप 2023 का फाइनल भी काली मिट्टी की पिच पर खेला गया था. उस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय बल्लेबाजों को काफी परेशानी हुई थी, जबकि दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को बल्लेबाजी आसान लगी थी.

वहीं लाल मिट्टी की पिच पर ज्यादा बाउंस देखने को मिलता है. गेंद बल्ले पर अच्छे से आती है, जिससे बल्लेबाज बड़े शॉट खेलने में सक्षम होते हैं. लाल मिट्टी की पिच पर शुरुआत में तेज गेंदबाजों को भी मदद मिलती है.

इसके अलावा लाल मिट्टी पानी जल्दी छोड़ देती है, इसलिए बारिश या पिच पर पानी डालने के बाद यह जल्दी सूख जाती है. यही वजह है कि लाल मिट्टी की पिच को वनडे और टी20 जैसे फॉर्मेट के लिए बेहतर माना जाता है.

नोट: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के मैच का स्कोरकार्ड आप हमारे वेबसाइट पर भी देख सकते हैं.

Share Now

\