India vs England ODI Series 2026 Key Players To Watch Out: वनडे सीरीज में इन भारतीय खिलाड़ियों पर होंगी सभी की नजरें, इंग्लैंड के खिलाफ बदल सकते हैं मैच का रुख
भारत (Photo Credit: X Formerly Twitter)

India National Cricket Team vs England National Cricket Team ODI Series 2026 Key Players To Watch: भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम इंग्लैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला कल यानी 14 जुलाई को खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बर्मिंघम (Birmingham) के एजबेस्टन (Edgbaston) में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे से खेला जाएगा. दोनों टीमों ने इस बहुप्रतीक्षित सीरीज के लिए अपने-अपने स्क्वाड का ऐलान कर दिया है. शुभमन गिल (Shubman Gill) की कप्तानी में टीम इंडिया एक बार फिर इंग्लैंड को उसके घर में चुनौती देने उतरेगी. वहीं हैरी ब्रूक (Harry Brook) इंग्लैंड की कमान संभालेंगे. इस सीरीज में रोहित शर्मा (Rohit Sharma), विराट कोहली (Virat Kohli) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) जैसे स्टार खिलाड़ियों की वापसी से मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है. यह भी पढ़ें: Jasprit Bumrah ODI Stats Against England: वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ कुछ ऐसा रहा हैं जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन, यहां देखें 'बूम-बूम बुमराह' का प्रदर्शन

इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज की निराशा के बाद अब टीम इंडिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में नई शुरुआत करने के इरादे से उतरेगी. 2027 वनडे वर्ल्ड कप से पहले यह सीरीज दोनों टीमों के लिए काफी अहम मानी जा रही है. शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया अपनी मजबूत बल्लेबाजी और अनुभवी गेंदबाजी आक्रमण के दम पर इंग्लैंड को चुनौती देगी. आइए जानते हैं उन भारतीय खिलाड़ियों के बारे में, जिन पर इस वनडे सीरीज में सभी की नजरें रहेंगी.

जसप्रीत बुमराह

स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह लंबे समय बाद वनडे टीम में वापसी कर रहे हैं. वह 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार इस फॉर्मेट में खेलते नजर आएंगे. टी20 सीरीज से उन्हें आराम दिया गया था ताकि वह पूरी तरह फिट होकर वनडे सीरीज खेल सकें. अगर बुमराह नई गेंद से स्विंग हासिल करने में सफल रहते हैं तो इंग्लैंड के बल्लेबाजों के लिए उन्हें खेलना आसान नहीं होगा.

शुभमन गिल

टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं. हाल ही में उन्होंने आईपीएल में बेहतरीन बल्लेबाजी की और पूरे सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों में शामिल रहे. इंग्लैंड की परिस्थितियों में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है. गिल इंग्लैंड में अब तक 842 रन बना चुके हैं और इस सीरीज में 1,000 रन का आंकड़ा भी छू सकते हैं. कप्तान के रूप में भी उनसे बड़ी जिम्मेदारी निभाने की उम्मीद होगी.

विराट कोहली

वनडे टीम में विराट कोहली की वापसी से भारतीय बल्लेबाजी को मजबूती मिलेगी. हैमस्ट्रिंग चोट के कारण वह पिछली वनडे सीरीज नहीं खेल पाए थे, लेकिन अब फिट होकर वापसी कर रहे हैं. इंग्लैंड के खिलाफ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है और बड़े मैचों में उनका अनुभव टीम इंडिया के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है. अगर कोहली अपनी लय में रहे तो वह सीरीज के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाजों में शामिल हो सकते हैं.

अक्षर पटेल

स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल से भी टीम इंडिया को काफी उम्मीदें होंगी. वह गेंद और बल्ले दोनों से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. इंग्लैंड की गर्मियों में जैसे-जैसे पिच सूखी होती जाएगी, अक्षर की स्पिन और भी प्रभावी हो सकती है. मध्य ओवरों में विकेट निकालने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी.

टीम इंडिया की जीत में निभा सकते हैं अहम भूमिका

रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और कुलदीप यादव जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी टीम इंडिया को संतुलन देती है. हालांकि, बुमराह की वापसी, गिल की कप्तानी, विराट कोहली का अनुभव और अक्षर पटेल का ऑलराउंड प्रदर्शन इस सीरीज में भारत की सफलता की सबसे बड़ी कुंजी साबित हो सकते हैं.