India Journey In T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में कुछ ऐसा रहा टीम इंडिया का सफर, उतार-चढ़ाव के बीच 'मेन इन ब्लू' ने रच दिया इतिहास

टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में संजू सैमसन टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे. उस दौरान स्पिन गेंदबाजों ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को शुरुआती ओवरों में काफी परेशान किया. हालांकि संजू सैमसन की वापसी के बाद टीम इंडिया की बल्लेबाजी और मजबूत हो गई. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को कई अहम मैच जिताए, जिसके चलते उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया.

भारत (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Indian National Cricket Team vs New Zealand National Cricket Team, ICC T20 World Cup 2026 Final Match: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फाइनल 8 मार्च को भारत राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम न्यूजीलैंड राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच खेला गया. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला अहमदाबाद (Ahmedabad) के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium) में खेला गया. फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की टीम को 96 रनों से हरा दिया हैं. इसके साथ ही टीम इंडिया ने नया इतिहास रच दिया हैं. लगातार दूसरी बार टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप के खिताब पर अपना कब्जा जमाया हैं. टीम इंडिया तीसरा टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने वाली वर्ल्ड की पहली टीम बन गई हैं. इस टूर्नामेंट में भारत की कप्तानी सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) कर रहे थे, जबकि न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) के हाथों में था. यह भी पढ़ें: Team India Victory Parade: कब, कहां और किस समय निकलेगी वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया की विक्ट्री परेड? जानिए पूरी डिटेल्स

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया ने शानदार और संतुलित प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की. फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम को हराकर इतिहास रच दिया. पूरे टूर्नामेंट में टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने आक्रामक अंदाज में रन बनाए, जबकि गेंदबाजों ने भी अहम मौकों पर विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में रखा. ग्रुप चरण से लेकर सुपर-8 और सेमीफाइनल तक टीम इंडिया ने एक मुकाबले को छोड़कर सभी मैच जीते. आइए टीम इंडिया के पूरे सफर पर एक नजर डालते हैं.

ग्रुप चरण में अजेय रही टीम इंडिया

ग्रुप चरण में ग्रुप-A में मौजूद टीम इंडिया ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की. पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने USA क्रिकेट टीम को 29 रन से हराया. इसके बाद दूसरे मैच में टीम इंडिया ने नामीबिया क्रिकेट टीम को 93 रन से शिकस्त दी. तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को 61 रन से हराया. वहीं नीदरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेले गए आखिरी ग्रुप मैच में टीम इंडिया ने 17 रन से जीत दर्ज की. इस तरह टीम इंडिया ग्रुप चरण में एक भी मुकाबला नहीं हारी.

सुपर-8 में एक मैच हारी टीम इंडिया

सुपर-8 के पहले मुकाबले में टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 76 रन से हार का सामना करना पड़ा. हालांकि इस हार के बाद टीम इंडिया ने जोरदार वापसी की. इसके बाद टीम इंडिया ने जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम को 72 रन से हराया. वहीं सुपर-8 के तीसरे मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली. इस ग्रुप से टीम इंडिया और दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया.

सेमीफाइनल में इंग्लैंड को हराकर फाइनल में पहुंची टीम इंडिया

वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 253/7 का बड़ा स्कोर बनाया. इस दौरान संजू सैमसन ने 89 रन और ईशान किशन ने 39 रन की शानदार पारी खेली. जवाब में इंग्लैंड क्रिकेट टीम जैकब बेथेल के शानदार शतक के बावजूद जीत हासिल नहीं कर सकी. जैकब बेथेल ने 105 रन बनाए, जबकि विल जैक्स ने 35 रन की पारी खेली. इंग्लैंड की टीम 20 ओवर में 246/7 रन ही बना सकी. टीम इंडिया की ओर से हार्दिक पांड्या ने सबसे ज्यादा 2 विकेट लिए.

इन बल्लेबाजों ने बनाए सबसे ज्यादा रन

टीम इंडिया की ओर से टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन संजू सैमसन ने बनाए. उन्होंने 5 मैचों की 5 पारियों में 80.25 की औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतक निकले और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 97* रन रहा. ईशान किशन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 पारियों में 35.22 की औसत और 193.29 की स्ट्राइक रेट से 317 रन बनाए. वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 9 पारियों में 136.72 की स्ट्राइक रेट से 242 रन बनाए.

इन गेंदबाजों ने लिए सबसे ज्यादा विकेट

टीम इंडिया की ओर से सबसे सफल गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती रहे. जसप्रीत बुमराह ने 8 मैचों में 12.42 की औसत और 6.21 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट झटके. वहीं वरुण चक्रवर्ती ने भी शानदार गेंदबाजी करते हुए 9 पारियों में 20.50 की औसत और 9.25 की इकॉनमी रेट से 14 विकेट अपने नाम किए. इसके अलावा अक्षर पटेल ने 18.63 की औसत और 8.20 की इकॉनमी रेट के साथ 11 विकेट हासिल किए.

ये रहे टीम इंडिया के मजबूत और कमजोर पक्ष

टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों में संजू सैमसन टीम इंडिया का हिस्सा नहीं थे. उस दौरान स्पिन गेंदबाजों ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और ईशान किशन को शुरुआती ओवरों में काफी परेशान किया. हालांकि संजू सैमसन की वापसी के बाद टीम इंडिया की बल्लेबाजी और मजबूत हो गई. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने टीम इंडिया को कई अहम मैच जिताए, जिसके चलते उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया.

हालांकि गेंदबाजी में टीम इंडिया कई मुकाबलों में जसप्रीत बुमराह पर ज्यादा निर्भर नजर आई, जबकि अन्य गेंदबाज कई बार महंगे साबित हुए. इसके बावजूद टीम इंडिया ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया.

Share Now

\