क्रिकेट

IND vs SL 1st Test Key Player Battles: गॉल में इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल सकती है कांटे की टक्कर, जानें किसका पलड़ा भारी

भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेलेगी. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने दबदबे को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. वहीं धनंजय डी सिल्वा की अगुवाई वाली मेजबान टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारत को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी.

IND vs SL 1st Test Key Player Battles: गॉल में इन खिलाड़ियों के बीच देखने को मिल सकती है कांटे की टक्कर, जानें किसका पलड़ा भारी
टीम इंडिया बनाम श्रीलंका (Photo Credit: X Formerly Twitter)

Sri Lanka National Cricket Team vs India National Cricket Team Test Series 2026: श्रीलंका राष्ट्रीय क्रिकेट टीम बनाम भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से खेला जाएगा. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला गॉल (Galle) के गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम (Galle International Cricket Stadium) में भारतीय समयानुसार सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा. सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 23 अगस्त से कोलंबो (Colombo) के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड में खेला जाएगा. इस सीरीज में श्रीलंका की कमान धनंजय डी सिल्वा (Dhananjaya de Silva) संभालेंगे, जबकि भारतीय टीम की कप्तानी शुभमन गिल (Shubman Gill) करेंगे. यह भी पढ़ें: IND vs SL Test Series 2026: गॉल स्टेडियम में किसका चलेगा राज? यहां जानें टीम इंडिया और श्रीलंका के हेड टू हेड टेस्ट रिकॉर्ड

भारतीय क्रिकेट टीम 15 अगस्त से श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेलेगी. शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ अपने दबदबे को बरकरार रखने के इरादे से मैदान पर उतरेगी. वहीं धनंजय डी सिल्वा की अगुवाई वाली मेजबान टीम घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर भारत को कड़ी चुनौती देने की कोशिश करेगी. सीरीज का पहला टेस्ट गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. इस मुकाबले में दोनों टीमों के कई खिलाड़ियों के बीच रोचक टक्कर देखने को मिल सकती है. आइए उन प्रमुख मुकाबलों पर नजर डालते हैं.

शुभमन गिल बनाम असिथा फर्नांडो

भारतीय कप्तान शुभमन गिल पहली बार श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेंगे. टेस्ट क्रिकेट में उनका प्रदर्शन शानदार रहा है और वह गॉल में भी बड़ी पारी खेलने की कोशिश करेंगे. एशिया में खेलते हुए गिल ने 47.31 की औसत से 1,656 रन बनाए हैं. वहीं गिल के सामने श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिथा फर्नांडो बड़ी चुनौती पेश कर सकते हैं. दाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने श्रीलंका की धरती पर खेलते हुए 29.82 की औसत से 29 विकेट हासिल किए हैं. फर्नांडो भी पहली बार भारत के खिलाफ टेस्ट मैच खेलेंगे. ऐसे में गिल और फर्नांडो की भिड़ंत मुकाबले के नतीजे पर असर डाल सकती है.

दिनेश चांदीमल बनाम रविंद्र जडेजा

श्रीलंका के अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश चांदीमल भारतीय टीम के खिलाफ अपने अनुभव का फायदा उठाना चाहेंगे. उन्होंने भारत के खिलाफ 8 टेस्ट में 50.00 की औसत से 750 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक शामिल हैं. चांदीमल को टेस्ट क्रिकेट में रविंद्र जडेजा 2 बार आउट कर चुके हैं. क्रिकइंफो के आंकड़ों के अनुसार, चांदीमल ने जडेजा के खिलाफ 261 गेंदों में 72 रन बनाए हैं. ऐसे में गॉल की स्पिन फ्रेंडली परिस्थितियों में दोनों के बीच एक बार फिर दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है.

ऋषभ पंत बनाम प्रभात जयसूर्या

भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत श्रीलंका के खिलाफ अब तक 3 पारियों में 61.66 की औसत से 185 रन बना चुके हैं. पंत स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करने के लिए जाने जाते हैं. गॉल की पिच पर श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकते हैं. जयसूर्या ने श्रीलंका में 14 टेस्ट में 27.26 की औसत से 96 विकेट लिए हैं. ऐसे में पंत और जयसूर्या की टक्कर पर भी फैंस की नजरें रहेंगी.

धनंजय डी सिल्वा बनाम कुलदीप यादव

कुसल मेंडिस और पथुम निसांका चोट के कारण इस टेस्ट सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में श्रीलंका के कप्तान धनंजय डी सिल्वा पर टीम के लिए रन बनाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी. धनंजय ने श्रीलंका में अब तक 30 टेस्ट मैचों की 54 पारियों में 38.65 की औसत से 1,894 रन बनाए हैं. हालांकि, उनके सामने भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव की चुनौती होगी. कुलदीप ने श्रीलंका के खिलाफ अपने इकलौते टेस्ट मैच में 5 विकेट हासिल किए हैं. गॉल की परिस्थितियों में कुलदीप की गेंदबाजी धनंजय के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 14, 2026 01:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).