England ODI Series: इंग्लैंड की पिचों पर रोहित शर्मा क्यों करते हैं शानदार बल्लेबाजी? जानें तकनीकी वजह और रिकॉर्ड
टी20 सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम वनडे सीरीज में दमदार वापसी करना चाहेगी. ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली पर बल्लेबाजी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी. रोहित से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी, क्योंकि इंग्लैंड की परिस्थितियों में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है.
IND vs ENG: भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर टी20 सीरीज खेली, जहां टीम इंडिया का प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. पहला टी20 मुकाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया, जबकि अगले तीन मैचों में इंग्लैंड ने लगातार जीत दर्ज कर सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त बना ली. अब भारतीय टीम क्लीन स्वीप से बचने के लिए आखिरी टी20 खेलेगी. इसके बाद दोनों टीमों के बीच 14 जुलाई से तीन मैचों की वनडे सीरीज शुरू होगी. ऐसे में आइए जानते हैं भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे क्रिकेट में हेड टू हेड रिकॉर्ड कैसा रहा है.
भारतीय क्रिकेट टीम इस समय इंग्लैंड दौरे पर है, जहां टी20 सीरीज के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज के साथ रोहित शर्मा और विराट कोहली की भारतीय टीम में वापसी होगी. 2027 वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से यह सीरीज दोनों दिग्गज बल्लेबाजों के लिए बेहद अहम मानी जा रही है.
आमतौर पर इंग्लैंड की परिस्थितियां एशियाई बल्लेबाजों के लिए चुनौतीपूर्ण मानी जाती हैं. यहां नई गेंद लंबे समय तक स्विंग करती है, पिच से अतिरिक्त उछाल मिलता है और सीम मूवमेंट भी देखने को मिलती है. लेकिन रोहित शर्मा उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हैं, जिनका बल्ला इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा बोलता है. आखिर ऐसा क्यों होता है? आइए जानते हैं इसके पीछे की तकनीकी वजह.
इंग्लैंड की पिचों पर क्यों सफल रहते हैं रोहित शर्मा?
रोहित शर्मा की बल्लेबाजी की सबसे बड़ी ताकत उनका बेहतरीन बैकफुट गेम है. इंग्लैंड की पिचों पर अतिरिक्त उछाल मिलने के कारण कई बल्लेबाजों को परेशानी होती है, लेकिन रोहित इस उछाल का फायदा उठाते हैं. खासकर शॉर्ट पिच गेंदों पर उनका पुल शॉट और हुक शॉट दुनिया के सबसे बेहतरीन शॉट्स में गिना जाता है.
रोहित शर्मा गेंद की लंबाई को बहुत जल्दी पढ़ लेते हैं और अतिरिक्त उछाल वाली गेंदों को आसानी से बाउंड्री के बाहर भेज देते हैं. यही वजह है कि इंग्लैंड की परिस्थितियां उनके खेल के लिए काफी अनुकूल मानी जाती हैं.
रोहित शर्मा की तकनीक उन्हें बनाती है अलग
रोहित शर्मा पारी की शुरुआत में बेहद धैर्य के साथ बल्लेबाजी करते हैं. वह गेंद को अपने शरीर के काफी करीब और आखिरी क्षण तक खेलते हैं, जिससे स्विंग गेंदबाजों के खिलाफ उन्हें बेहतर नियंत्रण मिलता है.
इंग्लैंड में आमतौर पर सफेद गेंद शुरुआती 10 से 12 ओवर तक सबसे ज्यादा स्विंग करती है. इसके बाद जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती है, बल्लेबाजी आसान हो जाती है. रोहित शर्मा शुरुआती मुश्किल दौर को संभलकर निकालते हैं और फिर अपने आक्रामक अंदाज में तेजी से रन बनाते हैं. यही रणनीति उन्हें इंग्लैंड में लगातार सफल बनाती है.
इंग्लैंड में रोहित शर्मा का वनडे रिकॉर्ड
इंग्लैंड की धरती पर रोहित शर्मा का वनडे रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. उन्होंने 2011 से 2022 के बीच इंग्लैंड में खेले 27 वनडे मैचों की 27 पारियों में 1,428 रन बनाए हैं और इस दौरान पांच बार नाबाद लौटे हैं.
मैच: 27
रन: 1,428
औसत: 64.90
स्ट्राइक रेट: 90.78
शतक: 7
अर्धशतक: 7
सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 140
चौके: 150
छक्के: 32
रोहित शर्मा इंग्लैंड में वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा 7 शतक लगाने वाले विदेशी बल्लेबाज हैं. इसके अलावा कम से कम 10 वनडे पारियां खेलने वाले विदेशी बल्लेबाजों में उनका 64.90 का औसत इंग्लैंड की धरती पर सर्वश्रेष्ठ है. यह उनके करियर के ओवरऑल वनडे औसत 48.83 से भी काफी बेहतर है.
इंग्लैंड में रोहित शर्मा का टी20I रिकॉर्ड
रोहित शर्मा ने 2009 से 2022 के बीच इंग्लैंड में 12 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं. इन 12 पारियों में उन्होंने 335 रन बनाए हैं.
मैच: 12
रन: 335
औसत: 33.50
स्ट्राइक रेट: 133.46
शतक: 1
अर्धशतक: 1
रोहित शर्मा इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा टी20 अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज भी हैं.
इंग्लैंड में टेस्ट क्रिकेट में प्रदर्शन
रोहित शर्मा ने इंग्लैंड में 7 टेस्ट मैचों की 14 पारियों में 524 रन बनाए हैं.
मैच: 7
रन: 524
औसत: 40.30
सर्वश्रेष्ठ स्कोर: 127
शतक: 1
अर्धशतक: 2
हालांकि शर्मा ने इंग्लैंड में ज्यादा टेस्ट नहीं खेले हैं, लेकिन उनका प्रदर्शन यहां भी प्रभावशाली रहा है.
वनडे सीरीज में रोहित शर्मा से होंगी बड़ी उम्मीदें
टी20 सीरीज में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम वनडे सीरीज में दमदार वापसी करना चाहेगी. ऐसे में रोहित शर्मा और विराट कोहली पर बल्लेबाजी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी. रोहित से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी, क्योंकि इंग्लैंड की परिस्थितियों में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है.
भारतीय टीम के लिए राहत की बात यह भी है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी वनडे सीरीज में वापसी होने जा रही है. रोहित शर्मा, विराट कोहली और बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की मौजूदगी से टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज जीतने की मजबूत दावेदार मानी जा रही है.