ENG vs PAK: इंग्लैंड ने 16 साल में पहले पाकिस्तान दौरे की पुष्टि की, अगले साल अक्टूबर में दो T20 खेलेगा
इंग्लैंड 16 साल में पहली बार दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए अगले वर्ष अक्टूबर में पाकिस्तान का दौरा करेगा. पाकिस्तान ने कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते प्रकोप के बावजूद इंग्लैंड का दौरा किया था जिसके जवाब में इंग्लैंड ने उसके यहां का दौरा करने का फैसला किया है.
कराची: इंग्लैंड 16 साल में पहली बार दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के लिए अगले वर्ष अक्टूबर में पाकिस्तान का दौरा करेगा. पाकिस्तान ने कोरोना वायरस महामारी के बढ़ते प्रकोप के बावजूद इंग्लैंड का दौरा किया था जिसके जवाब में इंग्लैंड ने उसके यहां का दौरा करने का फैसला किया है.
यह भी पढ़े | IND vs AUS Series 2020-21: ऑस्ट्रेलिया में लैला के प्यार में फिर पड़े शिखर धवन, देखें मजेदार वीडियो.
कराची में 14 और 15 अक्टूबर को होने वाले ये दो मैच 2021 टी20 विश्व कप की तैयारी का हिस्सा होंगे. इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) दोनों ने बुधवार को दौरे की पुष्टि करते हुए कहा कि यह भारत में टी20 विश्व कप से पहले होगा.
पीसीबी ने इंग्लैंड को अगले साल जनवरी में पाकिस्तान का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया था लेकिन शीर्ष खिलाड़ियों की अनुपलब्धता और खर्चे से जुड़े मामलों के कारण ईसीबी को दौरे के समय में बदलाव के लिए बाध्य होना पड़ा. पीसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी वसीम खान ने कहा, ‘‘मुझे यह पुष्टि करते हुए खुशी हो रही है कि इंग्लैंड अक्टूबर 2021 में दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने के लिए पाकिस्तान का दौरा करेगा.’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह 16 साल में इंग्लैंड का पहला पाकिस्तान दौरा होगा और इससे 2022-23 सत्र में टेस्ट और सीमित ओवरों के दौरे का रास्ता साफ होगा.’’ वसीम ने कहा, ‘‘इंग्लैंड की शीर्ष खिलाड़ियों की मौजूदगी वाली टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ हमारी श्रृंखला के अंतिम हिस्से के दौरान पहुंचेगी. हमें आस्ट्रेलिया के भी 2021-22 सत्र के भविष्य दौरा कार्यक्रम की प्रतिबद्धा के तहत दौरा करने की उम्मीद है जबकि इंग्लैंड 2022-23 सत्र में टेस्ट और सीमित ओवरों की श्रृंखला के लिए वापस आएगा.’’
इंग्लैंड की टीम 12 अक्टूबर को कराची पहुंचेगी और दोनों टीमें आईसीसी टी20 विश्व कप के लिए 16 अक्टूबर को भारत रवाना होंगी. इंग्लैंड ने पिछली बार 2005 में पाकिस्तान का दौरा किया था जब टीम ने तीन टेस्ट और पांच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों की श्रृंखला खेली थी. ईसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉम हैरिसन ने कहा, ‘‘यह घोषणा करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है कि इंग्लैंड की पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम अक्टूबर 2021 में पाकिस्तान में खेलेगी.’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 18, 2020 04:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

