खेल

एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप के दूसरे दौर में पहुंचे सिंधु, सायना और समीर, श्रीकांत हुए बाहर

भारतीय बैडमिंटन स्टार पी.वी. सिंधु, सायना नेहवाल और समीर वर्मा ने यहां जारी एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया जबकि किदांबी श्रीकांत उलटफेर का शिकार होकर बाहर हो गए.

एशियाई बैडमिंटन चैंपियनशिप के दूसरे दौर में पहुंचे सिंधु, सायना और समीर, श्रीकांत हुए बाहर
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: Facebook)

वुहान (चीन): भारतीय बैडमिंटन स्टार (Indian Badminton star) पी.वी. सिंधु (P V Sindhu), सायना नेहवाल (Saina Nehwal) और समीर वर्मा (Sameer Verma) ने यहां जारी एशियाई बैडमिंटन चैम्पियनशिप (Asian Badminton Championship) के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया जबकि किदांबी श्रीकांत उलटफेर का शिकार होकर बाहर हो गए. सातवीं सीड सायना ने बुधवार को महिला एकल के अपने पहले मुकाबले में चीन की हान युई को 12-21, 21-11, 21-17 से हराया। वर्ल्ड नंबर-9 सायना ने एक घंटे एक मिनट में यह मैच अपने नाम किया. दूसरे दौर में सायना का सामना कोरिया की किम गा इयून से होगा.

सिंधु भी पहले दौर की बाधा पार करने में सफल रहीं। चौथी सीड सिंधु ने जापान की सयाका ताकाहाशी को 28 मिनट में ही 21-14, 21-7 से शिकस्त दी. सिंधु ने इस जीत के साथ ही ताकाहाशी के खिलाफ 4-2 का करियर रिकॉर्ड कर लिया है. अगले दौर में ओलंपिक पदक विजेता सिंधु के सामने इंडोनेशिया की चोयरूनिसा की चुनौती होगी.

पुरुष एकल में समीर ने जापान के काजुमासा सकाई को एक घंटे सात मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 17-21, 21-18 से मात दी. दूसरे दौर में समीर का सामना हांगकांग के एन. जी. कालोंग अंगुस से होगा. पांचवीं सीड श्रीकांत को इंडोनेशिया के शेसार हिरेन हुस्तावितो के हाथों 21-16, 22-20 से हार का सामना करना पड़ा. वर्ल्ड नंबर-8 श्रीकांत 44 मिनट में वर्ल्ड नंबर-51 हुस्तावितो के हाथों यह मुकाबला गंवा बैठे. यह भी पढ़ें: पीवी सिंधु ने महिलाओं के सम्मान में दिया बड़ा बयान, कहा- भारत में वास्तव में महिलाओं की इज्जत करने वाले कम हैं

महिला युगल में जे. मेघना और पूर्विशा एस. राम की जोड़ी को थाईलैंड की जोंगकोलफान कीतिथाराकुल और रवींद्र प्राजोंगल की जोड़ी से हार का सामना करना पड़ा. थाई जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 29 मिनट में 21-13, 21-16 से हराया. एक अन्य मुकाबले में पूला डांडू और संजना संतोष की जोड़ी को श्रीलंका के थिलिनी प्रमोदिका हेंदाहेवा और कविदी सीरिमांगे की जोड़ी से 55 मिनट में 13-21, 21-12, 12-21 से मात खानी पड़ी.

महिला युगल के एक अन्य मैच में अपर्णा बालन और श्रुती केपी को सिंगापुर की यूजिया जिन और मिंग हुई लिम के हाथों 25 मिनट में ही हार झेलनी पड़ी. सिंगापुर की जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 21-12 21-10 से हराया.

पुरुष युगल में भी भारत को निराशा हाथ लगी. एम. आर. अर्जुन और रामचंद्रन श्लोक की जोड़ी को चीन के हे जिटिंग और तान क्यिांग की जोड़ी से शिकस्त झेलनी पड़ी. चीनी जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को 32 मिनट में 21-18, 21-15 से हराया.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2019 08:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).