RBI Governor Sanjay Malhotra: क्या आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा दूरदर्शन के शो से बीच में चले गए? जानिए वायरल दावे का पूरा सच

सोशल मीडिया पर RBI के गवर्नर संजय मल्होत्रा से जुड़ा एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें कहा जा रहा है कि वह दूरदर्शन के 'DD Morning Show' में शामिल हुए थे और साक्षात्कार के बीच में ही शो छोड़कर चले गए.

RBI Governor Sanjay Malhotra:  सोशल मीडिया पर भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर संजय मल्होत्रा से जुड़ा एक दावा तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें कहा जा रहा है कि वह दूरदर्शन के 'DD Morning Show' में शामिल हुए थे और साक्षात्कार के बीच में ही शो छोड़कर चले गए. हालांकि, सरकारी एजेंसी प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक इकाई ने इस दावे का खंडन करते हुए इसे पूरी तरह से फर्जी और भ्रामक करार दिया है.

वायरल दावे का सच क्या है?

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर शेयर की जा रही खबरों में यह दर्शाने की कोशिश की गई कि दूरदर्शन के लाइव शो के दौरान कोई विवाद हुआ, जिसके कारण गवर्नर बीच में ही बाहर निकल गए.

जानें वायरल खबर की सच्चाई

प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIBFactCheck) ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए स्पष्ट किया कि दूरदर्शन ने अपने 'DD Morning Show' में आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा का ऐसा कोई साक्षात्कार आयोजित ही नहीं किया था. अतः शो छोड़कर जाने की घटना का सवाल ही नहीं उठता.

AI जनरेटेड तस्वीरों से धोखाधड़ी की साजिश

पीआईबी फैक्ट चेक के अनुसार, इंटरनेट पर फैलाई जा रही तस्वीरें और पोस्ट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक की मदद से तैयार की गई हैं. इन फर्जी पोस्ट्स का मुख्य उद्देश्य उपयोगकर्ताओं को गुमराह करना है.

जांच में पाया गया कि ये फर्जी दावे सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को 'quoraze' और 'lunafixo' जैसी अनधिकृत थर्ड-पार्टी वेबसाइटों पर रीडायरेक्ट करते हैं. वहां लोगों को वित्तीय लाभ का झांसा देकर धोखाधड़ी वाली निवेश योजनाओं (Fraudulent Investment Schemes) में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है.

प्रशासन की चेतावनी

आधिकारिक संस्थाओं ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह की सनसनीखेज और फर्जी खबरों पर विश्वास न करें. किसी भी सूचना या वित्तीय निर्णय से पहले केवल आधिकारिक और विश्वसनीय स्रोतों से ही जानकारी की पुष्टि करें

Share Now