Shweta Tiwari Viral Video: कोल्ड ड्रिंक की डिलीवरी के साथ घर पहुंचा कॉकरोच; श्वेता तिवारी ने शेयर किया वीडियो, FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे से लगाई गुहार
टेलीविजन अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने ऑनलाइन क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से कोल्ड ड्रिंक ऑर्डर करने के बाद डिलीवरी पैकेज के साथ जिंदा कॉकरोचआने का आरोप लगाया है. अभिनेत्री ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर घर में घूमते कॉकरोच का वीडियो शेयर करते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों पर चिंता जताई और महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन के कमिश्नर तुकाराम मुंढे को टैग कर कार्रवाई की मांग की.
मुंबई: लोकप्रिय टेलीविजन अभिनेत्री श्वेता तिवारी (Shweta Tiwari) ने ऑनलाइन ग्रॉसरी डिलीवरी सेवाओं में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं. अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि एक क्विक-कॉमर्स डिलीवरी ऐप से कोल्ड ड्रिंक्स (Cold Drinks) मंगाने पर डिलीवरी पैकेज के साथ एक जिंदा कॉकरोच (Cockroach) भी उनके घर पहुंच गया.
वीडियो में सोफे और फर्श पर दौड़ते कॉकरोच को दिखाते हुए श्वेता तिवारी ने महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) कमिश्नर तुकाराम मुंढे (IAS) को सीधे सोशल मीडिया पर टैग कर इस मामले में ध्यान देने की अपील की है. अभिनेत्री का यह वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है. यह भी पढ़ें: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद श्वेता तिवारी का CJP पर तंज, पूछा- अब पंजाब के शिक्षा मंत्री से इस्तीफा कब मांगोगे?
'मुंढे जी, आप कहां हैं? ध्यान दीजिए': वीडियो में क्या बोलीं श्वेता?
साझा किए गए वीडियो में श्वेता तिवारी अपने घर में आए डिलीवरी पैकेज और उसके पास घूम रहे कॉकरोच को कैमरे में दिखाते हुए सुनाई देती हैं.
अभिनेत्री ने कहा:
"और इसके साथ कॉकरोच भी आया... यह देखिए, कॉकरोच पूरे घर में भाग रहा है. यह रहा छोटा सा. सो, क्या हमें तुकाराम मुंढे जी को टैग करना चाहिए? मुंढे जी, अभी यहां पर हमारे घर पर कॉकरोच आ रहे हैं. आप कहां हो, प्लीज ध्यान दीजिए."
श्वेता तिवारी की इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर क्विक-कॉमर्स और ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के वेयरहाउस में साफ-सफाई और हाइजीन के स्तर को लेकर बहस शुरू हो गई है.
श्वेता तिवारी का वायरल वीडियो
खाद्य सुरक्षा पर सख्त कार्रवाई के लिए चर्चा में हैं तुकाराम मुंढे
महाराष्ट्र एफडीए के कमिश्नर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी तुकाराम मुंढे पिछले कुछ समय से पूरे राज्य में रेस्तरां, खाद्य प्रतिष्ठानों और ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्म्स के वेयरहाउसों पर अचानक छापेमारी और सख्त कार्रवाई को लेकर सुर्खियों में हैं.
अस्वच्छता और खाद्य मानकों के उल्लंघन पर कड़े कदम उठाने के कारण आम उपभोक्ता लगातार सोशल मीडिया पर उनसे शिकायतें साझा कर रहे हैं. इसी क्रम में श्वेता तिवारी ने भी सीधे एफडीए प्रमुख से संज्ञान लेने की मांग की है.
टेलीविजन और ओटीटी प्रोजेक्ट्स में व्यस्त हैं अभिनेत्री
'कसौटी जिंदगी की' में प्रेरणा के किरदार से घर-घर में पहचान बनाने वाली श्वेता तिवारी 'बिग बॉस 4' की विजेता रह चुकी हैं. हाल के दिनों में वे रियलिटी शो 'द ट्रेटर्स' (The Traitors Season 2) और कई डिजिटल वेब सीरीज में सक्रिय हैं. घटना के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी क्विक-कॉमर्स कंपनियों की पैकेजिंग और स्टोरेज क्वालिटी पर सख्त निगरानी रखने की मांग उठाई है.