International Fathers Day 2022: आप भी बन सकते हैं एक अच्छा पिता! जानें बेहतर पिता बनने के 7 महत्वपूर्ण टिप्स!
Father's Day 2022 Greetings (Photo Credits: File Image)

यह सच है कि संतान के जीवन में माँ की भूमिका सर्वोपरि होती है, लेकिन संतान के करियर और उसके सुखमय भविष्य का निर्माता एक पिता ही हो सकता है. पिता संघर्ष, समर्पण, त्याग और मित्रता की साक्षात मूर्ति होता है, लेकिन क्या एक योग्य पिता बन पाना इतना आसान है? क्योंकि अच्छा पिता बनकर ही आप अपनी संतान के सुखमय भविष्य का मार्ग प्रशस्त कर सकते हैं. इसलिए अच्छा पिता वही हो सकता है, जिसे अहसास होता है कि उसे अपनी संतान के भविष्य को कैसे बेहतर बना सकता है. एक सक्षम, समझदार एवं योग्य पिता बनने के लिए कुछ अहम बातों को ध्यान में रखना जरूरी है. आइये जानें एक समझदार एवं सक्षम पिता बनने के कुछ महत्वपूर्ण टिप्स.

कुछ समय अपने बच्चों के साथ गुजारें!

किसी भी बच्चे के लिए माँ-बाप से बेहतर विकल्प और कोई नहीं हो सकता. आप कितना भी व्यस्त हों, शाम को घर आने के बाद या वर्क फ्रॉम होम का समय खत्म होने के बाद कुछ पल अपने बच्चों के पास बैठें, छोटा बच्चा है तो उसके साथ खेलें, और अगर बच्चा पढ़ता है, तो उसकी पढ़ाई, उसकी जरूरतों एवं उसकी समस्याओं को सुनें, और वह भी एक मित्र बनकर पिता बनकर नहीं.

बच्चे के साथ आक्रामकता उचित नहीं!

बच्चे के साथ दोस्ताना व्यवहार रखें, तभी आपके साथ उसकी केमिस्ट्री अच्छी बनेगी और आप उसके फ्यूचर को बेहतर तरीके से सुलझा सकते हैं. बच्चा बच्चा है, उससे गलती होना स्वाभाविक है, अगर उससे कोई गलती हो जाती है, तो उसके द्वारा की गई गलती के पीछे की मानसिकता को पढें. हो सकता है, वह किसी अन्य समस्या से परेशान होकर गलती किया हो. आप प्यार से वास्तु स्थिति को समझें. अगर आप आक्रामक होंगे या डांटेंगे तो वह अपनी समस्या आपके साथ शेयर नहीं करेगा.

ज्यादा लाड़-प्यार भी ठीक नहीं

अकसर देखने को मिलता है कि बच्चा पिता की लाड़-प्यार से बिगड़कर दूसरों के सामने अबोध वश हाथ उठा देता है, चीखता-चिल्लाता है. एक सीमा तक उसे प्यार से समझाने की कोशिश करें, उसे कहें कि अगर वह शैतानी करेगा तो उसे पनिशमेंट मिलेगा, जैसे स्कूल में उसकी टीचर करती है. ऐसा करने से बच्चा अपनी गलतियों को सुधारने की कोशिश करेगा.

बच्चे को बनाएं आत्मनिर्भर

आज का बच्चा ही कल पिता बनेगा. इसलिए बच्चे की परवरिश करते हुए ऐसा कुछ करें, ताकि भविष्य में वह भी आपकी तरह योग्य पिता बनें. इसके लिए सबसे ज्यादा जरूरी है उसे आत्मनिर्भर बनाना. आप बच्चे की एक सीमा तक अवश्य मदद करें. उसके होमवर्क में, उसके खेलकूद में, उसके स्कूल से मिले प्रोजेक्ट बनाने में. लेकिन इसके बाद उसे अपना अमुक कार्य खुद करने के लिए प्रेरित करें. ऐसा करने से उसके मस्तिष्क का विकास तो होगा ही, साथ ही वह स्वनिर्भर भी बनेगा.

उसके साथ पिकनिक आदि का प्रोग्राम बनाएं

अगर आप ऑफिस अथवा व्यवसाय में बहुत ज्यादा व्यस्त रहते हैं तो माह में कम से कम दो बार सपरिवार निकटतम दूरी पर किसी खूबसूरत जगह पर पिकनिक का कार्यक्रम बनाएं, यहां उसके साथ ज्यादा से ज्यादा टाइम स्पेंड करें, और साल में एक या दो बार कहीं बाहर घूमने की भी योजना बनायें. इससे बच्चा आपके सानिध्य में सही परवरिश एवं संस्कार सीखेगा, दुनिया देखेगा.

अच्छा रिजल्ट या अच्छे कार्य के लिए उसे गिफ्ट दें

परीक्षा में अच्छे मार्क्स लाने, समय पर होमवर्क करने पर स्कूल टीचर्स द्वारा प्रशंसा किये जाने अथवा सोशल कार्यों में पार्टिसिपेट करने पर उसे प्रोत्साहित करें. उसे कुछ ऐसा उपहार दें, जिसका इस्तेमाल वह अपने मानसिक विकास के लिए करे. इससे उसे दोहरा लाभ मिलेगा. उसके मस्तिष्क का विकास होगा और बेहतर से बेहतर मार्क्स लाने की कोशिश करेगा. और अपनी एक्टिविटीज के महत्व को भी समझेगा.

उसे सोशल मीडिया की उपयोगिता को समझाइए

आजकल अक्सर देखने को मिलता है कि बच्चे ने हाई स्कूल में अच्छे मार्क्स लाए तो पिता उसे स्मार्ट फोन या टैब गिफ्ट कर देते हैं. ये चीजें बच्चों के स्वास्थ्य और मस्तिष्क के लिए घातक साबित हो सकते हैं. बेहतर होगा कि पहले इन चीजों की उपयोगिता के बारे में उसे समझाएं, ताकि वह उनका सही तरीके से इस्तेमाल करें.

आपने देखा कि एक पिता को संतान की परवरिश के लिए कितनी छोटी-छोटी बातों पर ध्यान देना पड़ता है, और यह कार्य एक पिता ही कर सकता है.