गर्मियों में सिर्फ सुबह ही नहीं रात को भी नहाएं, सेहत को होंगे ये 5 लाजवाब फायदे
गर्मी की मार से बचने के लिए कई लोग शाम को घर पहुंचने के बाद स्नान करते हैं, जबकि कई लोग दिनभर में दो-तीन बार भी नहाने से नहीं चूकते, लेकिन कई लोग बीमार होने के डर से रात में नहाने से परहेज करते हैं.
गर्मी का मौसम (Summer) अपना प्रभाव लोगों पर दिखाने लगा है. इस मौसम में सूरज की तपीश इतनी ज्यादा बढ़ जाती है कि धूप और पसीने से लोगों का हाल बेहाल होने लगता है. लोग सुबह के वक्त नहाकर (Bath) घर से बाहर तो निकलते हैं, लेकिन गर्मी (Heat) के कारण शरीर पर गंदगी जमा होने लगती है और बहते पसीने के चलते शरीर से बदबू आने लगती है. दरअसल, गर्मी की मार से बचने के लिए कई लोग शाम को घर पहुंचने के बाद स्नान करते हैं, जबकि कई लोग दिनभर में दो-तीन बार भी नहाने से नहीं चूकते, लेकिन कई लोग बीमार होने के डर से रात में नहाने (Bath At Night) से परहेज करते हैं.
अगर आप गर्मियों में ठंडक पाने के साथ-साथ सेहत के लाजवाब फायदे भी पाना चाहते हैं तो रात में ठंडे-ठंडे पानी से स्नान जरूर करिए. चलिए जानते हैं रात में नहाने के 5 लाजवाब फायदे.
1- दूर होती है शरीर की गंदगी
दिनभर चिलचिलाती धूप और पसीने में रहने की वजह से शरीर पर गंदगी जमा हो जाती है. ऐसे में रात में नहाने के बाद आप तरोताजा महसूस कर सकते हैं. रात में नहाने से दिनभर में शरीर पर इकट्ठा हुई गंदगी साफ हो जाती है. इससे त्वचा में निखार आता है और मुंहासे की समस्या भी दूर होती है. यह भी पढ़ें: अच्छी और आरामदायक नींद के लिए रोजाना रात में करें ये 5 काम
2- आती है आरामदायक नींद
दिन भर की भागदौड़ और काम के बढ़ते बोझ के चलते कई बार व्यक्ति अत्यधिक तनाव और चिंता से घिर जाता है. ऐसे में उसे रात में नींद न आने की समस्या हो जाती है. अगर आपको रात में नींद नहीं आती है तो सोने से पहले स्नान जरूर करें. इससे अच्छी नींद आती है और शरीर की सारी थकान मिट जाती है.
3- बढ़ती है रोग-प्रतिरोधक क्षमता
गर्मियों के मौसम में रात के समय नहाने की आदत आपको कई बीमारियों से सुरक्षित रखने में मदद करती है. दरअसल, रात में नहाने से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और कई बीमारियों का खतरा दूर होता है.
4- ब्लड सर्कुलेशन होता है बेहतर
गर्मियों में रात के समय ठंडे पानी से नहाने पर शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर तरीके से होता है. ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होने के कारण दिल की सेहत भी अच्छी रहती है. अगर आप अपने दिल को दुरुस्त रखना चाहते हैं तो रात में नहाने की आदत डाल लीजिए. यह भी पढ़ें: गर्म पानी से अगर आप भी नहाते हैं रोजाना, तो जरा जान लीजिए इससे होने वाले ये नुकसान
5- शरीर का तापमान होता है सामान्य
बुखार और हाई ब्लड प्रेशर की समस्या से पीड़ित लोगों को रात में स्नान करना फायदा पहुंचा सकता है. ऐसे लोगों को गर्म पानी से स्नान करना चाहिए. इससे शरीर में से पसीना निकलता है और शरीर का तापमान झट से सामान्य होने लगता है.
गौरतलब है कि गर्मियों के मौसम में रात के समय स्नान करना न सिर्फ आपको गर्मी में ठंडक का एहसास दिलाता है, बल्कि इसे सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है.
नोट- इस लेख में दी गई तमाम जानकारियों को केवल सूचनात्मक उद्देश्य से लिखा गया है. इसकी वास्तविकता, सटीकता और विशिष्ट परिणाम की हम कोई गारंटी नहीं देते हैं. इसमें दी गई जानकारियों को किसी बीमारी के इलाज या चिकित्सा सलाह के लिए प्रतिस्थापित नहीं किया जाना चाहिए. इस लेख में बताए गए टिप्स पूरी तरह से कारगर होंगे या नहीं इसका हम कोई दावा नहीं करते है, इसलिए किसी भी टिप्स या सुझाव को आजमाने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 12, 2019 04:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

