देश

Uttarakhand: अक्षय तृतीया पर पूरे विधि विधान के साथ खुले यमुनोत्री धाम के कपाट; देखें Video

अक्षय तृतीया पर सबसे पहले सुबह केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. इसके बाद चारधाम यात्रा के पहले धाम यमुनोत्री धाम के भी कपाट 10 बजकर 29 मिनट पर पूरे विधि विधान के साथ खोल दिए गए.

Uttarakhand: अक्षय तृतीया पर पूरे विधि विधान के साथ खुले यमुनोत्री धाम के कपाट; देखें Video
Yamunotri Dham | Wikipedia

उत्तरकाशी: उत्तराखंड की विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2024 का शुक्रवार से शुभारंभ हो गया. अक्षय तृतीया पर सबसे पहले सुबह केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. इसके बाद चारधाम यात्रा के पहले धाम यमुनोत्री धाम के भी कपाट 10 बजकर 29 मिनट पर पूरे विधि विधान के साथ खोल दिए गए. Uttarakhand: खुल गए केदारनाथ धाम के कपाट, CM धामी भी पहुंचे; देखें पहला Video.

शीतकालीन पड़ाव खरसाली खुशीमठ स्थित यमुना मंदिर में पूजा अभिषेक किया गया. उसके बाद खरसाली से ढोल-दमाऊ की थाप और जयकारों के साथ सुबह सवा छह बजे मां यमुना की डोली अपने भाई शनि महाराज की डोली के साथ धाम के लिए रवाना हुई.

धाम पहुंचते ही मां यमुना की विशेष पूजा अर्चना के बाद विधि विधान के साथ शुभ मुहूर्त में 10:29 बजे धाम के कपाट खोले गए.

यमुनोत्री धाम के कपाट खुले:

मां यमुना की डोली जानकीचट्टी से पांच किमी का पैदल मार्ग तय कर यमुनोत्री धाम पहुंची, जहां पूरे विधि विधान के साथ मां यमुना की विशेष पूजा अर्चना संपन्न की गई. इसके बाद विधि विधान के साथ शुभ मुहूर्त में ठीक 10:29 बजे यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए.

इस शुभ अवसर पर यमुनोत्री धाम को कई क्विंटल फूलों से सजाया गया, साथ ही धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने गर्म जल कुंडों में स्नान कर मां यमुना के दर्शन किए और मां का आशीर्वाद लिया.

केदारनाथ धाम के कपाट खुले

केदारनाथ धाम के कपाट जय बाबा केदारनाथ के उदघोष और सेना के ग्रेनेडियर रेजीमेंट की बैंड की भक्तिमय धुनों के बीच इस यात्रा वर्ष 10 मई (शुक्रवार) को ठीक 7 बजे विधि-विधान से खुल गए हैं. इस मौके पर दस हजार से अधिक श्रद्धालु कपाट खुलने के गवाह बने. उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी कपाट खुलने के अवसर पर मौजूद रहे. उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को बधाई दी और देश‌ एवं प्रदेश की खुशहाली की कामना की.

(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2024 01:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).