उज्जैन में अनोखा मामला, मां नहीं बन पाई महिला तो पति की कराई दूसरी शादी!
उज्जैन में देवउठनी ग्यारस के मौके पर एक अनोखा मामला सामने आया, जहां बीमारी के चलते मां नहीं बन पाने वाली एक महिला ने सभी को राजी कर अपने पति की दूसरी शादी कराई.
उज्जैन, 24 नवंबर: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में देवउठनी ग्यारस के मौके पर एक अनोखा मामला सामने आया, जहां बीमारी के चलते मां नहीं बन पाने वाली एक महिला ने सभी को राजी कर अपने पति की दूसरी शादी कराई.
यह मामला उज्जैन जिले के नागदा के रुणीजा का है, जहां स्थित मां चामुंडा धाम गजनी खेड़ी माता के मंदिर में यह अनोखी शादी हुई. बताया गया है कि अर्जुन वर्मा जो रतलाम के इटवा खुर्द का निवासी है, उसकी लगभग छह साल पहले कोमल के साथ शादी हुई थी. कोमल का दिल की बीमारी होने के कारण ऑपरेशन कराया गया, जिसमें पता चला कि वह मां नहीं बन सकती.
कोमल चाहती थी कि उसके परिवार में नया सदस्य आए और वंश वृद्धि हो. वह कोई पहल करती, इससे पहले उसने अपनी मां शगुन बाई और परिवार के अन्य सदस्यों को समझाया कि वह बीमारी के चलते मां नहीं बन सकती इसलिए पति की दूसरी शादी कराना चाहती है.
कोमल की इस पहल पर पहले तो उसका पति और परिवार के सदस्य तैयार नहीं थे. मगर, उसने सभी को समझाया और फिर उसकी चंचल से शादी तय हुई. तीनों परिवारों की सहमति से यह विवाह समारोह संपन्न हुआ. महत्वपूर्ण बात यह रही कि शादी में पति के साथ कोमल भी मौजूद थी और उसने अपनी आंखों के सामने पति के हाथों चंचल के गले में माला पहनवाई और चंचल के हाथों अर्जुन के गले में.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 24, 2023 07:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

