Madhya Pradesh: कोरोना वायरस से महिला एवं उसके दो बेटों की मौत, गम में बहू ने की आत्महत्या
मध्य प्रदेश के देवास में छह दिन के अंदर कोरोना वायरस से 75 वर्षीय एक महिला एवं उसके दो बेटों सहित एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई.
देवास (मप्र), 23 अप्रैल : मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के देवास में छह दिन के अंदर कोरोना वायरस से 75 वर्षीय एक महिला एवं उसके दो बेटों सहित एक परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई. इससे दुखी होकर इस महिला की छोटी बहू ने बुधवार को कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या (Suicide) कर ली. पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी. पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक यह घटना अग्रवाल समाज, देवास के अध्यक्ष बालकिशन गर्ग के घर में हुई जिनकी खुद की तबीयत भी अत्यधिक खराब है.
सूत्रों ने बताया कि सबसे पहले बालकिशन की पत्नी चंद्रकला (75) को कोरोना संक्रमण हुआ और 14 अप्रैल को उनकी मौत हो गई, इसके ठीक दो दिन बाद उनके बड़े बेटे संजय (51) ने भी कोरोना के कारण दम तोड़ दिया, जबकि 19 अप्रैल को छोटे पुत्र स्वप्नेश (48) की भी कोरोना से मौत हो गई. सूत्रों के मुताबिक बालकिशन की छोटी बहू रेखा गर्ग (45) सास, पति एवं जेठ की मौत को सहन नहीं कर सकी, अवसाद की वजह से उसने बुधवार सुबह फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बालकिशन के बड़े बेटे की पत्नी हादसे के चलते सदमे में है. यह भी पढ़ें : Madhy Pradesh: संस्कृति मंत्री प्रह्लाद पटेल ने ऑक्सीजन की मांग करने वाले व्यक्ति को दो थप्पड़ मारने की बात कही देखें विडियो
नगर पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह चौहान ने बताया कि रेखा गर्ग द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा. उन्होंने कहा कि शव का पोस्टमॉर्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. चौहान ने बताया कि इस संबंध में मामला दर्ज कर विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.
परिवार में अब बालकिशन गर्ग के अलावा उनकी बड़ी बहू और चार पोते-पोतियां रह गए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 22, 2021 10:21 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

