Weather Forecast: उत्तर भारत में 18 से 21 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट, जानें कैसा रहेगा आपके राज्य का मौसम
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को 18 जुलाई से 21 जुलाई तक उत्तर भारत में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. आईएमडी ने कहा कि 23 जुलाई तक पश्चिमी तट पर भीषण वर्षा जारी रहने की संभावना है.
Weather Forecast: मौसम विभाग ने अगले एक हफ्ते तक उत्तरी क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने रविवार को 18 जुलाई से 21 जुलाई तक उत्तर भारत में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. आईएमडी ने कहा कि 23 जुलाई तक पश्चिमी तट पर भीषण वर्षा जारी रहने की संभावना है. आईएमडी ने रविवार को कहा कि अगले 24 घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने, बादल गरजने के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है. Mumbai Rains Landslide: मुंबई में भारी बारिश से तीन बड़े हादसे, अब तक 25 लोगों की मौत, कई घायल.
मौसम विभाग ने आगाह किया, "इससे बाहर रहनेवाले लोग और जानवर हताहत हो सकते हैं."आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान और मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) और इससे सटे उत्तर-पश्चिम भारत-पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में 18 से 21 जुलाई तक भारी से बहुत भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है.
उत्तराखंड में 18 और 19 जुलाई को तथा उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर 19 जुलाई को अत्यधिक वर्षा का अनुमान है. दिल्ली और चंडीगढ़ में 18 और 19 जुलाई को छिटपुट स्थानों पर मध्यम से भारी वर्षा की संभावना है.
मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिमी और दक्षिण भारत में भी भारी बारिश होने की संभावना है. अगले पांच-छह दिनों के दौरान पश्चिमी तट और आसपास के क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश जारी रहने का अनुमान है. महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होगी.
आईएमडी ने महाराष्ट्र के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. भारी बारिश ने मुंबई में जीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है. रविवार को चेंबूर, विक्रोली और भांडुप में भारी बारिश के कारण कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई. मुंबई में सड़कें नदी में तब्दील हो गई हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2021 02:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

