VIDEO: रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर हुई मारपीट, वीडियो आया सामने, एक गिरफ्तार
नोएडा में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है. इसका एक वीडियो भी सामने आया है. जिसके मुताबिक दो लड़कों को कुछ लोग मारते पीटते दिखाई दे रहे हैं.
नोएडा, 11 अक्टूबर : नोएडा में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई है. इसका एक वीडियो भी सामने आया है. जिसके मुताबिक दो लड़कों को कुछ लोग मारते पीटते दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है पहले दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हुई उसके बाद एक पक्ष मारपीट में भारी पड़ गया. सेक्टर-45 स्थित कांशीराम कॉलोनी में यह विवाद हुआ है.
युवकों की पिटाई का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. थाना सेक्टर-39 पुलिस ने संज्ञान लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कांशीराम कॉलोनी में रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है. दो दिन पहले दो युवक उस रास्ते से गुजर रहे थे. इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने रास्ते से गुजरने पर विरोध किया. युवकों ने एक महिला से अभद्रता कर दी. यह भी पढ़ें : महाराष्ट्र की राजनीति में नया मोड़! अजीत पवार ने कैबिनेट मीटिंग से 10 मिनट में किया वॉकआउट, आज कर सकते हैं बड़ा ऐलान
इस पर महिला ने अपने परिवार के लोगों को बुला लिया. महिला के परिजनों ने युवकों पर डंडों से हमला कर दिया. इसी बीच एक व्यक्ति ने मोबाइल पर वीडियो भी बना लिया. 28 सेकंड के वीडियो में युवकों को डंडों से पीटा जा रहा है. महिला ने युवक के बाल पकड़ रखे हैं. महिला के पक्ष का युवक उस युवक की टांगों में डंडे मार रहा है. युवक भागने का प्रयास करता है तो महिला उसे दौड़कर पकड़ लेती है. हाथ में डंडा लिए युवक दोबारा मारने लगता है. दोनों युवक कराहते हुए किसी तरह बच निकलते हैं.
एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह का कहना है कि वीडियो सामने आने पर पुलिस ने इसका संज्ञान लिया है. जिसके बाद आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 11, 2024 01:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

