मुंबई से सटे वसई में ATM की बड़ी गड़बड़ी, 100 रुपए की जगह निकलने लगे ₹500 के नोट; VIDEO वायरल होते ही पैसे निकालने उमड़ी लोगों की भारी भीड़

महाराष्ट्र के वसई में एक एटीएम मशीन में तकनीकी खराबी के कारण ग्राहकों को मांगे गए पैसों से ज्यादा कैश मिलने लगा. 100 रुपये निकालने पर 500 रुपये निकलने की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मशीन को बंद कराया.

(Photo Credits live News)

 Vasai ATM News: मुंबई से सटे पालघर जिले के वसई इलाके में एटीएम में गड़बड़ी का एक अनोखा मामला सामने आया है. वसई के गोलानी नाका स्थित एक हिताची (Hitachi) एटीएम में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण ग्राहकों को उनकी मांगी गई रकम से कई गुना ज्यादा कैश मिलने लगा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही एटीएम के बाहर पैसे निकालने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई और देखते ही देखते वहां अफरातफरी का माहौल बन गया.

100 रुपये निकालने पर मिले 500

स्थानीय समाचार चैनलों की रिपोर्ट के अनुसार, यह मामला तब प्रकाश में आया जब एक ग्राहक ने एटीएम से 100 रुपये निकालने का प्रयास किया. मशीन से 100 रुपये के बजाय 500 रुपये का नोट बाहर आया, जबकि ग्राहक के बैंक खाते से केवल 100 रुपये ही डेबिट हुए. इसी तरह एक अन्य दावे में बताया गया कि एक ग्राहक द्वारा 400 रुपये की निकासी का अनुरोध करने पर एटीएम ने ₹2,000 मूल्य के नोट निकाल दिए.  यह भी पढ़े:  Sambhajinagar Shocker: थार लेकर पहुंचे ATM मशीन चुराने, जब नहीं चुरा सके तो हुए फरार, छत्रपति संभाजीनगर का वीडियो आया सामने; VIDEO

 वसई में एटीएम की बड़ी गड़बड़ी

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने बंद कराई मशीन

जैसे ही इस तकनीकी खराबी (ग्लिच) की खबर इलाके में फैली और इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, वैसे ही मुफ्त का कैश पाने के लिए लोग एटीएम की तरफ दौड़ पड़े. कुछ ही समय में एटीएम के बाहर लंबी कतार लग गई. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित किया और किसी भी तरह के दुरुपयोग को रोकने के लिए एटीएम के संचालन को तुरंत बंद करवा दिया.

तकनीकी टीम जांच में जुटी

संबंधित बैंक और एटीएम का रखरखाव करने वाली तकनीकी टीम को इस गड़बड़ी की सूचना दे दी गई है. अधिकारियों और इंजीनियरों की टीम ने मशीन की जांच शुरू कर दी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खराबी कैश ट्रे की गलत लोडिंग के कारण हुई या किसी सॉफ्टवेयर विफलता की वजह से. प्रशासन के अनुसार, पूरी मरम्मत और सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही इस एटीएम को दोबारा चालू किया जाएगा.


वसई तालुका में दो अलग-अलग हादसों में करंट लगने से दो युवकों की मौत

इसी बीच, वसई तालुका से दो अन्य दुखद घटनाएं सामने आई हैं, जहां पिछले 24 घंटों के भीतर हाई-वोल्टेज करंट की चपेट में आने से दो 20 वर्षीय युवकों ने अपनी जान गंवा दी. संबंधित पुलिस थानों में दुर्घटनावश मृत्यु (ADR) के मामले दर्ज किए गए हैं.

पहली घटना: वेल्डिंग के दौरान लगा झटका

पहली दुर्घटना गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे नालासोपारा पूर्व के पेलहार इलाके में हुई. सोपारा फाटा स्थित 'नमन इंडस्ट्रीज, प्रोक्सिमा लिमिटेड' नामक फैब्रिकेशन कंपनी में देवा समेश गौतम (20) स्टील वेल्डिंग का काम कर रहा था. काम के दौरान अचानक वह तेज बिजली के झटके की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई.

दूसरी घटना: लोहे का बैनर हटाते समय हादसा

दूसरा हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12:00 बजे नायगांव पूर्व के सासुनावघर इलाके में हुआ. यहां गिरनार होटल के सामने लगे एक लोहे के बैनर को हटाने का काम चल रहा था. इसी दौरान अभय राकेश तिवारी (20) नाम का युवक जब बैनर को हटाने की कोशिश कर रहा था, तब लोहे का ढांचा अचानक ऊपर से गुजर रही हाई-वोल्टेज ओवरहेड पावर लाइन से टकरा गया.

अभय बिजली के जोरदार झटके से गंभीर रूप से झुलस गया. उसे तुरंत इलाज के लिए मीरा रोड के गुरुकृपा अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया. पुलिस दोनों ही मामलों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जांच कर रही है.

Share Now