Varanasi Police Video: वाराणसी में न्याय की गुहार लगाने आई महिला को महिला सब-इंस्पेक्टर ने थाना परिसर में जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक महिला सब-इंस्पेक्टर द्वारा थाने के भीतर ही एक महिला शिकायतकर्ता को थप्पड़ मारने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस घटना के संज्ञान में आने के बाद विभाग ने मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं.

वाराणसी: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के वाराणसी (काशी) (Varanasi) पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत आने वाले चौबेपुर थाने (Chaubepur Police Station) से खाकी को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है. थाने में अपनी शिकायत लेकर पहुंची एक पीड़ित महिला को न्याय मिलने की बजाय वहां तैनात एक महिला सब-इंस्पेक्टर (SI) के गुस्से का शिकार होना पड़ा. आरोप है कि महिला दरोगा ने बार-बार शिकायत लेकर आने से तंग आकर थाना परिसर के भीतर ही महिला फरियादी को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए. इस पूरी घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया है. यह भी पढ़ें: Varanasi Viral Incident: वाराणसी में इटैलियन नागरिक का हाई-वोल्टेज ड्रामा; घरों में घुसकर की तोड़फोड़, काबू करने में पुलिस के छूटे पसीने

बार-बार शिकायत करने से नाराज थी महिला दरोगा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला सब-इंस्पेक्टर की पहचान रोशनी के रूप में हुई है, जो चौबेपुर थाने में तैनात हैं. पीड़ित महिला अपनी एक पुरानी शिकायत पर पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से परेशान थी और उसी सिलसिले में दोबारा थाने पहुंची थी.

चश्मदीदों के मुताबिक, जैसे ही महिला ने अपनी बात रखनी शुरू की, सब-इंस्पेक्टर रोशनी अपना आपा खो बैठीं. उन्होंने कथित तौर पर कहा कि वह महिला की रोज-रोज की शिकायतों से "पूरी तरह तंग" (Fed up) आ चुकी हैं. इसके बाद उन्होंने आव देखा न ताव, महिला पर हाथ छोड़ दिया। थाने में मौजूद अन्य लोगों और पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया.

8 सेकंड के वीडियो ने सोशल मीडिया पर बढ़ाया आक्रोश

सोशल मीडिया पर इस घटना का करीब 8 सेकंड का एक संक्षिप्त वीडियो क्लिप तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में महिला अधिकारी को शिकायतकर्ता के साथ आक्रामक व्यवहार करते और थप्पड़ मारते हुए साफ देखा जा सकता है.

इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट यूजर्स ने यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली और थानों में आम जनता, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा और उनके प्रति संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े करने शुरू कर दिए हैं. लोग आरोपी अधिकारी के खिलाफ तत्काल निलंबन और कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

पुलिस अधिकारियों ने लिया संज्ञान; जांच के आदेश

मामले की गंभीरता और सोशल मीडिया पर बढ़ते जन-आक्रोश को देखते हुए वाराणसी पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना का तत्काल संज्ञान लिया है.

सारनाथ क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (ACP) विनय द्विवेदी ने इस संबंध में आधिकारिक बयान जारी करते हुए पुष्टि की है कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की विभागीय जांच (Inquiry) के आदेश दे दिए गए हैं. उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर दोषी पाई जाने वाली महिला सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.

Share Now