Cockroach Found in Sandwich: जम्मू-कश्मीर के वैष्णो देवी भवन के कॉफी डे आउटलेट में सैंडविच के अंदर मिला कॉकरोच, श्रद्धालुओं के खाने-पीने की गुणवत्ता पर उठे सवाल; VIDEOS
जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध तीर्थस्थल माता वैष्णो देवी भवन स्थित कॉफी डे आउटलेट पर एक श्रद्धालु के सैंडविच में कॉकरोच मिलने का गंभीर मामला सामने आया है. शिकायत करने पर काउंटर पर मौजूद कर्मचारी ने पहले तो कॉकरोच होने से इनकार किया और बाद में सबूत मिटाने के लिए उसे खुद ही खा लिया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
Cockroach Found in Sandwich: जम्मू-कश्मीर के त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित प्रसिद्ध तीर्थस्थल माता वैष्णो देवी भवन से खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु के सैंडविच में मरा हुआ कॉकरोच मिला. यह सैंडविच भवन परिसर में स्थित 'कॉफी डे बेवरेजेस' (Coffee Day Beverages) के आउटलेट से खरीदा गया था. घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिसके बाद श्रद्धालुओं की सुरक्षा और वहां बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
सैंडविच की ब्रेड में फंसा था कॉकरोच
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेशे से वकील निखिल भोला नाम के एक श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन करने पहुंचे थे. उन्होंने भवन पर स्थित कमर्शियल फूड कियोस्क से एक सैंडविच खरीदा. जैसे ही उन्होंने खाने के लिए सैंडविच के पैकेट को खोला, उन्हें ब्रेड और स्टफिंग की परतों के बीच एक मरा हुआ कॉकरोच फंसा हुआ दिखाई दिया. यह भी पढ़े: Snake Found in Food! खाने में मिला मरा हुआ सांप! फूड प्वाइजनिंग के शिकार हुए बांका इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र, अस्पताल में भर्ती
सैंडविच के अंदर मिला कॉकरोच
निखिल भोला ने तुरंत इस घटना का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया ताकि यह साबित हो सके कि यह दूषित भोजन इसी आउटलेट से खरीदा गया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि आस्था उन्हें वैष्णो देवी भवन खींच लाई थी, लेकिन पवित्र स्थल पर भोजन में कॉकरोच मिलना बेहद निराशाजनक है. उन्होंने अधिकारियों से इस पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने की मांग की.
देखें VIDEO
बहस के बाद दुकानदार ने सबूत ही निगल लिया
घटना के बाद का एक और वीडियो सामने आया है, जिसने इंटरनेट पर सभी को हैरान कर दिया है. वीडियो में एडवर्टाइज निखिल भोला आउटलेट के कर्मचारियों से शिकायत करते और बहस करते नजर आ रहे हैं. जब उन्होंने काउंटर पर मौजूद कर्मचारी को सैंडविच में फंसा कॉकरोच दिखाया, तो कर्मचारी ने पहले तो खाने में कॉकरोच होने की बात से साफ इनकार कर दिया.
इसके बाद, शिकायत की गंभीरता को देखने और विवाद बढ़ता देख कर्मचारी ने सैंडविच के उस हिस्से को उठाया और कैमरे के सामने ही उसे खा गया. दुकानदार द्वारा सबूत मिटाने के उद्देश्य से कॉकरोच वाले हिस्से को खा जाने की इस अजीबोगरीब हरकत का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है.
कानूनी कार्रवाई की तैयारी में पीड़ित
भोजन में गंदगी और आउटलेट कर्मचारी के इस गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार के बाद पीड़ित निखिल भोला ने कानूनी रास्ता अपनाने का फैसला किया है. उन्होंने बताया कि उन्होंने 'कॉफी डे बेवरेजेस' कंपनी को एक औपचारिक कानूनी नोटिस और शिकायत भेजी है.
शिकायत के जरिए उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, जवाबदेही तय करने और दूषित भोजन परोसने के कारण उचित मुआवजे की मांग की है. निखिल भोला ने स्पष्ट किया है कि यदि कंपनी की ओर से संतोषजनक समाधान या प्रतिक्रिया नहीं मिलती है, तो वह इस मामले को उपभोक्ता फोरम (Consumer Commission) और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष ले जाएंगे.