Vadodara Bus Door Accident: लग्जरी बस के हाइड्रोलिक दरवाजे में फंसने से 7 साल के मासूम की मौत, CCTV फुटेज का अहम हिस्सा गायब
मृतक बच्चे के पिता पास ही स्थित एक गैराज में काम करते हैं. परिजनों के मुताबिक, बच्चा घर से यह कहकर निकला था कि वह प्रसाद लेने जा रहा है. कुछ ही देर बाद हादसे की खबर मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और गायब CCTV फुटेज के कारणों का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है.
Vadodara Bus Door Accident: गुजरात के वडोदरा (Vadodara) में एक दर्दनाक हादसे में 7 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बच्चे की गर्दन एक लग्जरी बस के हाइड्रोलिक दरवाजे में फंस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना सूर्यनगर-तरसाली बायपास के पास स्थित एक बस रिपेयर गैराज में हुई. घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बच्चा पहले बस के आसपास घूमता दिखाई देता है और बाद में उसकी गर्दन हाइड्रोलिक दरवाजे में फंसी नजर आती है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. यह भी पढ़ें: Mumbai BEST Bus Accident: मुलुंड चेक नाका पर BEST बस की चपेट में आने से 56 वर्षीय महिला की मौत, हादसे का वीडियो आया सामने
प्रारंभिक जांच के अनुसार, बच्चा कथित तौर पर बस का हाइड्रोलिक दरवाजा खोलने की कोशिश कर रहा था, तभी उसकी गर्दन दरवाजे में फंस गई. हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है.
CCTV फुटेज का अहम हिस्सा गायब
पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज में बच्चा बस के पास घूमता दिखाई देता है और बाद में वह दरवाजे में फंसा हुआ नजर आता है. लेकिन जिस समय वह बस के पास पहुंचा और दरवाजा खोलने की कोशिश की, उस दौरान की रिकॉर्डिंग उपलब्ध नहीं है. इस वजह से घटना के सही क्रम को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं इसमें किसी तरह की साजिश या तकनीकी गड़बड़ी तो नहीं थी.
लग्जरी बस के हाइड्रोलिक दरवाज़े में गर्दन फंसने से 7 साल के बच्चे की मौत:
गैराज मालिक ने बताई पूरी घटना
गैराज मालिक निकुंज पटेल ने बताया कि घटना के समय वह अपने घर पर थे और गैराज में कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था. उन्होंने कहा कि वह फोन पर एक कर्मचारी से बात कर रहे थे, तभी उनके भाई ने गैराज के लाइव CCTV कैमरे में बच्चे को बस के दरवाजे से लटका हुआ देखा. इसके बाद उन्होंने तुरंत कर्मचारियों को मौके पर भेजा और पुलिस को सूचना दी.
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. डीसीपी जोन-3 अभिषेक गुप्ता ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा लग रहा है कि बच्चा हाइड्रोलिक दरवाजा खोलने की कोशिश के दौरान उसकी चपेट में आ गया. हालांकि, जांच अभी जारी है और सभी संभावित पहलुओं की पड़ताल की जा रही है. पुलिस बस के हाइड्रोलिक सिस्टम, तकनीकी खामियों और उपलब्ध CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है.
परिवार में पसरा मातम
मृतक बच्चे के पिता पास ही स्थित एक गैराज में काम करते हैं. परिजनों के मुताबिक, बच्चा घर से यह कहकर निकला था कि वह प्रसाद लेने जा रहा है. कुछ ही देर बाद हादसे की खबर मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और गायब CCTV फुटेज के कारणों का भी पता लगाने की कोशिश कर रही है.