देश

Uttarakhand: उत्तराखंड में लंपी रोग की रोकथाम के लिए नए दिशा निर्देश जारी

प्रदेश के पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा विधानसभा स्थित कक्ष में पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ पशुओं में फैल रहे लंपी रोग के संबंध में समीक्षा बैठक आहूत की गयी.

Uttarakhand: उत्तराखंड में लंपी रोग की रोकथाम के लिए नए दिशा निर्देश जारी
गाय (Photo Credit : Twitter)

देहरादून, 13 सितंबर : प्रदेश के पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा द्वारा विधानसभा स्थित कक्ष में पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ पशुओं में फैल रहे लंपी रोग के संबंध में समीक्षा बैठक आहूत की गयी. मंत्री ने उत्तराखण्ड में फैल रहे लंपी रोग पर पशुपालन विभाग द्वारा किये जा रहे पशुओं के वैक्सीनेशन के संबंध में अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की तथा लंपी रोग की रोकथाम के लिए विभाग द्वारा किये जा रहे उपायों पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये.

मंत्री ने कहा कि लंपी रोग मुख्यत: दो जिलों हरिद्वार तथा देहरादून में सबसे ज्यादा प्रभावी है जिसकी रोकथाम के लिए विभागीय स्तर पर तीव्र गति से टीकाकरण कार्यक्रम चलाये जा रहे हैं. मंत्री ने वैक्सीन वितरण के बारे में भी अधिकारियों से चर्चा करते हुए पर्वतीय जिलों में भी वैक्सीन को जल्द से जल्द पहुंचाने के दिशा निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि लंपी रोग के संबंध में शासन स्तर पर एक नोडल अधिकारी को नियुक्त किया गया है जिनके माध्यम से लंपी रोग की मोनिटरिंग, रोकथाम तथा टीकाकरण आदि के बारे में समय-समय पर समीक्षा की जायेगी. यह भी पढ़ें : बीजद सरकार और खदान मालिकों की मिलीभगत से ओडिशा में सरकारी खजाने को नुकसान : भाजपा सासंद

मंत्री ने वैटनरी फार्मासिस्ट संघ से मुलाकात करते हुए उनकी समस्याओं का जल्द से जल्द समाधान करने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा गोट वैली के सापेक्ष कुक्कुट वैली योजना पर प्रस्ताव लाया गया है जिसे जल्द ही उत्तराखण्ड में लांच किया जायेगा जिससे राज्य के लघु पशुपालकों को इस योजना का लाभ मिल सकेगा. बैठक में सचिव पशुपालन, डॉ.बी.वी.आर.सी. पुरूषोत्तम, निदेशक पशुपालन डॉ. प्रेम कुमार, संयुक्त सचिव प्रदीप जोशी, अनु सचिव अम्बिका बेंजवाल तथा अन्य विभागीय अधिकारीगण उपस्थित रहे.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 13, 2022 02:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).