UP Shocker: जुए की लत में डूबे पति ने पत्नी को दांव पर लगाया, दोस्तों ने किया यौन शोषण
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां शाहबाद थाना क्षेत्र की एक महिला के पति ने जुए में हारकर उसे अपने दोस्तों के सामने दांव पर लगा दिया और उन दोस्तों ने मिलकर उसका यौन शोषण किया.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां शाहबाद थाना क्षेत्र की एक महिला के पति ने जुए में हारकर उसे अपने दोस्तों के सामने दांव पर लगा दिया और उन दोस्तों ने मिलकर उसका यौन शोषण किया. जब महिला ने विरोध किया और अपने मायके चली गई, तो पति ने वहां जाकर न केवल उसे बुरी तरह पीटा, बल्कि उसकी उंगली भी तोड़ दी. पीड़िता तीन छोटे बच्चों की मां है.
महिला ने बताया, "मेरी शादी 2013 में हुई थी. मेरे ससुर और पति दहेज के लिए मुझे प्रताड़ित करते थे. मेरा पति शराब और जुए की लत का शिकार है. उसने जुए में 12 बीघा जमीन और मेरे सारे गहने गंवा दिए और अंत में उसने मुझे भी अपने दोस्तों के सामने दांव पर लगा दिया. मैंने विरोध किया और 112 हेल्पलाइन पर कॉल किया, लेकिन पुलिस के आने पर वह भाग गया."
पति ने दोस्तों से करवाया यौन शोषण
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने दोस्तों के सामने उसे अपमानित किया और जब उसने पानी मांगा, तो उसे पानी तक नहीं दिया. महिला ने कहा, "उसने मुझे पीटा और उसके दोस्त मेरे सामने ही मौजूद थे. जब मैंने मायके जाने का फैसला किया, तो वह वहां भी आ धमका और मेरी उंगली तोड़ दी. उसके दोस्तों ने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया और मेरे कपड़े फाड़ दिए. पड़ोसियों के जमा होने पर वे भाग खड़े हुए."
महिला ने अपनी आपबीती साझा करते हुए कहा, "मेरे तीन छोटे बच्चे हैं, और मैं चाहती हूं कि मेरा पति जो भी कुछ बचा है, वह बच्चों के लिए रखे. मैं चाहती हूं कि उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो." महिला ने बताया कि वह अदालत में जाकर पूरी सच्चाई बताएगी, "जो कुछ उन्होंने मेरे साथ किया, वह शब्दों में बयान करना मुश्किल है. मैं सब कुछ कोर्ट में बताऊंगी."
रामपुर के पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच चल रही है. उन्होंने कहा, "महिला ने बताया कि उसका पति जुआरी है, जिसने उनकी जमीन गंवा दी और उसे मारता-पीटता था. हमने केस दर्ज कर लिया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी."
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 11, 2024 09:18 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

