UP Rajya Sabha Elections 2026: राज्यसभा चुनाव के लिए BJP के 8 उम्मीदवारों ने लखनऊ में भरा पर्चा, CM योगी भी रहे मौजूद; VIDEO
बीजेपी की ओर से नामांकन करने वाले उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडे, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं.
UP Rajya Sabha Elections 2026: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों पर होने वाले आगामी चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के 8 उम्मीदवारों ने लखनऊ स्थित विधानभवन में अपने नामांकन पत्र दाखिल कर दिए हैं. इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के वरिष्ठ नेता भी विधानभवन में मौजूद रहे. यह भी पढ़े: UP Rajya Sabha Election 2026: यूपी में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए नामांकन आज से शुरू, BJP और सपा में प्रत्याशियों को लेकर मंथन तेज
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पर्चा दाखिला
विधानभवन के सेंट्रल हॉल में नामांकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी पार्टी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं दीं. उम्मीदवारों ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपने दस्तावेज सौंपे. बीजेपी की ओर से नामांकन करने वाले उम्मीदवारों में धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, विद्यासागर सोनकर, गोपी कृष्ण पांडे, प्रियंका सिंह रावत, राम प्रताप सिंह चौहान और श्रुति गंगवार शामिल हैं.
राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों ने भरा पर्चा
जातीय संतुलन और नया चेहरा देने पर जोर
भारतीय जनता पार्टी ने इस बार अपने सभी मौजूदा राज्यसभा सांसदों को बदलते हुए नए चेहरों को मौका दिया है. पार्टी के उम्मीदवारों की सूची में पिछड़ा वर्ग (OBC), दलित और सामान्य वर्ग के बीच संतुलन बनाने की कोशिश की गई है. आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन और जमीनी स्तर पर सक्रिय नेताओं को प्राथमिकता दी गई है.
उत्तर प्रदेश में राज्यसभा का समीकरण
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा की कुल 10 सीटें खाली हो रही हैं. राज्य विधानसभा में बीजेपी और उसकी सहयोगी पार्टियों के संख्याबल को देखते हुए बीजेपी के सभी 8 प्रत्याशियों की जीत तय मानी जा रही है. वहीं, समाजवादी पार्टी ने भी 2 सीटों पर अपने उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं. संख्याबल के अनुसार सभी 10 सीटों पर उम्मीदवारों का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय है.