देश

Parliament Security Breach: संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक, लोकसभा में घुसे 2 शख्स, मची अफरातफरी | Video

लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को विजिटर गैलरी से दो लोग सदन के भीतर कूद गए, जिसके बाद कार्यवाही अचानक दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी.

Parliament Security Breach: संसद की सुरक्षा में बड़ी चूक, लोकसभा में घुसे 2 शख्स, मची अफरातफरी | Video
Parliament Security Breach | X/@nabilajamal

नई दिल्ली: लोकसभा की कार्यवाही के दौरान बुधवार को विजिटर गैलरी से दो लोग सदन के भीतर कूद गए, जिसके बाद कार्यवाही अचानक दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित करनी पड़ी. सदन में शून्यकाल के दौरान दोपहर करीब एक बजे विजिटर गैलरी से दो व्यक्ति सदन में कूदे और इनमें से एक व्यक्ति मेज को फांदते हुए आगे की ओर भाग रहा था. सुरक्षाकर्मियों और कुछ सांसदों ने उसे घेर लिया. बाद में दोनों को पकड़ लिया गया.

पीठासीन सभापति राजेंद्र अग्रवाल ने कार्यवाही दोपहर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी. कुछ सांसदों का कहना है कि सदन में कूदने वाले व्यक्तियों ने कुछ ऐसे पदार्थ का छिड़काव किया, जिससे गैस फैल गई.

लोकसभा में अफरातफरी 

कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा, "दो युवक गैलरी से कूदे और उन्होंने कुछ फेंका, जिससे गैस निकल रही थी. उन्हें सांसदों ने पकड़ा, उसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बाहर निकाला. यह निश्चित रूप से एक सुरक्षा उल्लंघन है..."

लोकसभा में सुरक्षा चूक पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "यह पूरी तरह से सुरक्षा चूक है. आज सदन के अंदर कुछ भी हो सकता था...जो भी लोग यहां आते हैं - चाहे वे आगंतुक हों या रिपोर्टर, किसी के टैग नहीं हैं...सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए."

समाजवादी पार्टी के सांसद एस टी हसन ने कहा कि विजिटर गैलरी से दो लोग लोकसभा कक्ष में कूदे और जूते से कुछ ऐसी चीज निकाली, जिससे गैस फैलनी शुरू हो गई. उन्होंने कहा, ‘‘यह गैस कैसी थी, यह कोई जहरीली गैस तो नहीं थी. हमें संसद की सुरक्षा में भारी गंभीर खामी नजर आ रही है. इस तरह से तो कोई जूते में बम रखकर आ सकता है.’’ हसन ने कहा कि इस तरह की सुरक्षा चूक पर आगे ध्यान देने की जरूरत है. संसद की सुरक्षा में चूक की यह घटना 2001 में संसद पर हुए आतंकी हमले की बरसी के दिन हुई है.

(The above story first appeared on LatestLY on Dec 13, 2023 01:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).