तुकाराम मुंढे की सख्त चेतावनी, खाने के तेल में मिलावट या नियम तोड़े तो हो सकती है उम्रकैद और 10 लाख रुपये तक जुर्माना

खाद्य तेल पर कार्रवाई महाराष्ट्र FDA के व्यापक खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है. हाल के दिनों में विभाग ने राज्यभर में होटल, रेस्तरां, फूड प्रतिष्ठानों और क्विक-कॉमर्स वेयरहाउस का निरीक्षण किया है. जांच के दौरान कई जगहों पर गंदगी, कीटों का प्रकोप, खाद्य पदार्थों का गलत भंडारण और अन्य खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पाए गए, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई.

Tukaram Mundhe On Edible Oil Violations: महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त तुकाराम मुंढे ने खाद्य तेल (Edible Oil) से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने वालों को कड़ी चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि खाने के तेल में मिलावट, इस्तेमाल किए गए तेल का दोबारा उपयोग या खाद्य सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन करने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गंभीर मामलों में उम्रकैद और 10 लाख रुपये तक के जुर्माने का भी प्रावधान है. यह भी पढ़ें: Who Is Tukaram Mundhe: कौन हैं तुकाराम मुंढे, मिलावट और गुटखा माफिया पर कार्रवाई करने वाले IAS अधिकारी जिनके तबादले को लेकर मचा है सियासी बवाल

महाराष्ट्र FDA इन दिनों खाद्य तेल के निर्माण, पैकेजिंग, भंडारण और बिक्री की व्यापक जांच कर रहा है. विभाग की खास नजर खुले (Loose) खाद्य तेल की बिक्री और मिलावट पर है. तुकाराम मुंढे ने कहा कि बिना सीलबंद या बिना सही जानकारी वाले खाद्य तेल से फूड पॉइजनिंग जैसी घटनाओं में उत्पाद का स्रोत पता लगाना मुश्किल हो जाता है.

इस्तेमाल किए गए तेल के दोबारा उपयोग पर FDA की सख्ती

तुकाराम मुंढे ने कहा कि तलने में इस्तेमाल किए गए तेल (Used Cooking Oil) का बार-बार उपयोग करना खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन है. निर्धारित सीमा के बाद इस तेल का इस्तेमाल मानव उपभोग के लिए नहीं किया जा सकता. ऐसे तेल को अधिकृत कंपनियों को गैर-खाद्य उपयोग के लिए सौंपना जरूरी है.

FDA के अनुसार जांच में ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां इस्तेमाल किया गया तेल दोबारा पैक कर बाजार में बेचा जा रहा था. इसी वजह से विभाग अब इस्तेमाल किए गए तेल के संग्रह, भंडारण और निपटान पर भी विशेष निगरानी रख रहा है.

किन मामलों में हो सकती है उम्रकैद?

मुंढे ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा कानून के तहत सजा उल्लंघन की गंभीरता और उसके परिणामों पर निर्भर करती है. यदि असुरक्षित भोजन या खाद्य तेल के सेवन से किसी व्यक्ति की मौत होती है, तो संबंधित कानून के तहत दोषियों को उम्रकैद तक की सजा और न्यूनतम 10 लाख रुपये का जुर्माना हो सकता है. हालांकि, हर मामले में यह सजा स्वत: लागू नहीं होगी. कार्रवाई उल्लंघन की प्रकृति और उससे हुए नुकसान के आधार पर तय की जाएगी.

उपभोक्ताओं को क्या सलाह दी गई?

महाराष्ट्र FDA ने लोगों से अपील की है कि वे खुला या बिना पैकेजिंग वाला खाद्य तेल खरीदने से बचें. उपभोक्ताओं को केवल सीलबंद पैक खरीदना चाहिए, जिस पर निर्माता का नाम, बैच नंबर, निर्माण तिथि और अन्य जरूरी जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज हो.

पूरे महाराष्ट्र में चल रहा है खाद्य सुरक्षा अभियान

खाद्य तेल पर कार्रवाई महाराष्ट्र FDA के व्यापक खाद्य सुरक्षा अभियान का हिस्सा है. हाल के दिनों में विभाग ने राज्यभर में होटल, रेस्तरां, फूड प्रतिष्ठानों और क्विक-कॉमर्स वेयरहाउस का निरीक्षण किया है. जांच के दौरान कई जगहों पर गंदगी, कीटों का प्रकोप, खाद्य पदार्थों का गलत भंडारण और अन्य खाद्य सुरक्षा उल्लंघन पाए गए, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई.

Share Now