Heatwave Alert: गर्मी से सावधान! इन राज्यों में हीटवेव का अलर्ट, IMD ने जारी की चेतावनी
झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में अप्रैल के शुरुआती दिन गर्म रहने की संभावना है. झारखंड के कुछ क्षेत्रों में चार अप्रैल से गर्मी के मौसम की पहली लू चलने की चेतावनी जारी की गई है.
कोलकाता/रांची, एक अप्रैल: झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में अप्रैल के शुरुआती दिन गर्म रहने की संभावना है. झारखंड के कुछ क्षेत्रों में चार अप्रैल से गर्मी के मौसम की पहली लू चलने की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक होगा. वहीं, पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में पांच अप्रैल तक लू चलने की संभावना है. भारत मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी. Heatwave Alert: इस बार लंबे समय तक रहेगा लू का प्रकोप, अप्रैल से जून के बीच पड़ेगी झुलसाने वाली गर्मी.
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, दक्षिणी और पूर्वोत्तर झारखंड के जिलों में चार अप्रैल से लू चलने का अनुमान है, जिससे मौजूदा तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद के मुताबिक, राज्य के इन जिलों में पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पाकुड़ और गोड्डा शामिल हैं.
पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थित जमशेदपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम के सामान्य तापमान से 2.9 डिग्री अधिक है. जबकि पाकुड़ में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
गोड्डा में अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस और पश्चिमी सिंहभूम में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. झारखंड की राजधानी रांची में भी सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया.
मौसम विभाग ने लोगों को लू चलने के दौरान दोपहर से तीन बजे के बीच बाहर जाने से बचने और पर्याप्त रूप से पानी पीने की सलाह दी है. मौसम विभाग ने सोमवार को बताया कि पश्चिम बंगाल के दक्षिणी जिलों में पांच अप्रैल तक लू चलने की संभावना है. उन्होंने कहा कि तीन से पांच अप्रैल तक पुरुलिया, बांकुड़, पश्चिम बर्धमान, पश्चिम मिदनापुर और झारग्राम जिलों में लू चलने का अनुमान जताया गया है.
मौसम कार्यालय ने एक बुलेटिन में कहा, इस क्षेत्र में चल रही शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण दक्षिण बंगाल के जिलों में ऐसी स्थिति होने की संभावना है. इसमें कहा गया कि दक्षिण बंगाल में अगले तीन दिनों के दौरान दिन के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री का उछाल हो सकता है. बुलेटिन में बताया गया कि पश्चिमी जिलों में तीन से पांच अप्रैल तक अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस ऊपर रहेगा.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 01, 2024 09:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

