एजेंसी न्यूज

COVID-19: तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं मरीज, सक्रिय मामलों की संख्या 200 दिन में सबसे कम

भारत में कोविड-19 के एक दिन में 20,799 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,38,34,702 हो गई. देश में लगातार 10 दिनों से सामने आ रहे संक्रमण के नए मामलों की संख्या 30 हजार से कम है। वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,64,458 हो गई, जो 200 दिन में सबसे कम है.

COVID-19: तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं मरीज, सक्रिय मामलों की संख्या 200 दिन में सबसे कम
प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: PTI)

नई दिल्ली, 4अक्टूबर: भारत में कोविड-19 के एक दिन में 20,799 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 3,38,34,702 हो गई. देश में लगातार 10 दिनों से सामने आ रहे संक्रमण के नए मामलों की संख्या 30 हजार से कम है. वहीं, उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 2,64,458 हो गई, जो 200 दिन में सबसे कम है.

केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सोमवार सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 180 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 4,48,997 हो गई. देश में अभी 2,64,458 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 0.78 प्रतिशत है. यह दर मार्च 2020 के बाद से सबसे कम है. पिछले 24 घंटे में उपचाराधीन मरीजों की संख्या में कुल 6,099 की कमी दर्ज की गई. मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 97.89 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है.यह भी पढ़े: COVID-19: कोविड के बाद के समय में बुजुर्ग अधिक अकेलेपन और अवसाद के हुए शिकार

आंकड़ों के अनुसार, देश में अभी तक कुल 57,42,52,400 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई है, जिनमें से 9,91,676 नमूनों की जांच रविवार को की गई. दैनिक संक्रमण दर 2.10 प्रतिशत है, जो पिछले 35 दिनों से तीन प्रतिशत से कम है. वहीं, साप्ताहिक संक्रमण दर 1.63 प्रतिशत है, जो पिछले 101 दिन से तीन प्रतिशत से कम बनी हुई है. अभी तक कुल 3,31,21,247 लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं, जबकि मृत्यु दर 1.33 प्रतिशत है. राष्ट्रव्यापी टीकाकरण मुहिम के तहत अभी तक कोविड-19 रोधी टीकों की 90.79 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं.

देश में पिछले साल सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितंबर को 40 लाख से अधिक हो गई थी. वहीं, संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर को 50 लाख, 28 सितंबर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे.  देश में 19 दिसंबर को ये मामले एक करोड़ के पार, इस साल चार मई को दो करोड़ के पार और 23 जून को तीन करोड़ के पार चले गए थे.

मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, देश में पिछले 24 घंटे में संक्रमण से जिन 180 लोगों की मौत हुई, उनमें से केरल के 74 और महाराष्ट्र के 41 लोग थे. देश में संक्रमण से अभी तक कुल 4,48,997 लोगों की मौत हुई है, जिनमें महाराष्ट्र के 1,39,207, कर्नाटक के 37,819, तमिलनाडु के 35,650, केरल के 25,377, दिल्ली के 25,088, उत्तर प्रदेश के 22,894 और पश्चिम बंगाल के 18,825 लोग थे.स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की संक्रमण से मौत हुई है, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं. मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 04, 2021 01:05 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).