Twitter पर हावी होते टेस्ला के सीईओ Elon Musk, अब ट्वीट की शब्द संख्या बढ़ाने का शिगूफा छोड़ा
ट्वीटर को लेकर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क नित नयी योजनायें बना रहे हैं और इसी सिलसिले में उन्होंने अब नया शिगूफा यह छोड़ा है कि माइक्रो ब्लॉगिंग साइट को ट्वीट की शब्द संख्या बढ़ाने की सख्त जरूरत है.
नयी दिल्ली, 16 अप्रैल : ट्वीटर (Twitter) को लेकर टेस्ला के सीईओ एलन मस्क (Elon Musk) नित नयी योजनायें बना रहे हैं और इसी सिलसिले में उन्होंने अब नया शिगूफा यह छोड़ा है कि माइक्रो ब्लॉगिंग साइट को ट्वीट की शब्द संख्या बढ़ाने की सख्त जरूरत है. ट्वीटर की 9.2 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदने के बाद मस्क ने ट्वीटर के अधिग्रहण के लिये 43 अरब डॉलर की पेशकश की है. मस्क की इस पेशकश को न तो अभी बोर्ड ने मंजूरी दी है न ही ट्वीटर के निवेशकों ने लेकिन फिर भी वह इसमें तब्दीली करने की रोज नयी योजनायें लेकर आ रहे हैं.
इसी कड़ी में अब मस्क ने कहा है कि जैसे ही वह ट्वीटर का अधिग्रहण करेंगे तो सबसे पहले ट्वीट की शब्द संख्या बढ़ायेंगे. ट्वीटर पहले यूजर्स को 140 शब्द का ट्वीट करने की अनुमति देता था लेकिन नवंबर 2017 में उसने अपनी नीति बदली और ट्वीट की शब्द संख्या बढ़ाकर 280 कर दी. ट्वीटर ने जब शब्द संख्या बढ़ाकर 280 की थी, तब ही कई यूजर्स ने इसका विरोध किया था और कहा था कि इससे ट्वीट कम पठनीय हो जायेंगे क्योंकि ट्वीट की खासीयत यही है कि कम शब्दों में विचार व्यक्त किये जायें. इससे पहले मस्क ने एडिट बटन की मांग की थी यानी ट्वीट को संशोधित करने की छूट देने की बात की थी. ट्वीटर ने इसके बाद कहा था कि वह इस संबंध में नये फीचर पर काम कर रहा है, जिससे यूजर्स कुछ नियमों के साथ अपने ट्वीट को संशोधित कर पायेंगे. यह भी पढ़ें : Elon Musk offers to buy Twitter: ट्विटर को खरीदना चाहते हैं एलन मस्क, 41 बिलियन डॉलर का ऑफर दिया
मस्क ने इस सप्ताह प्रसिद्ध टेड टॉक शो में कहा था कि ट्वीटर शहर के चौक जैसा बन गया है. यह जरूरी है कि लोग यह जानें कि कानून के दायरे में रहते हुये भी वह कुछ भी बोलने के लिये आजाद हैं. उन्होंने यह भी कहा था कि ट्वीटर को अपने एल्गोरिद्म को ओपन सोर्स करना चाहिये ताकि लोग जान सकें कि पर्दे के पीछे उन्हें प्रभावित करने का कोई भी प्रयास नहीं किया जा रहा है. मस्क ने कहा कि ट्वीटर के सोर्स कोड को वब आधारित इंटरफेस गिटहब पर उपलब्ध कराना चाहिये ताकि यूजर्स उसकी खुद जांच कर सकें.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2022 08:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

