Poonch Attack: पुंछ और राजौरी में हाई अलर्ट के बीच तलाशी अभियान जारी, आतंकवादियों को दबोचने के लिए सेना का ऑपरेशन
सेना के उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सेना के एक ट्रक पर घातक हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. इस हमले में पांच जवान शहीद हो गए थे.
पुंछ/जम्मू, 23 अप्रैल: सेना के उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में सेना के एक ट्रक पर घातक हमले के लिए जिम्मेदार आतंकवादियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. इस हमले में पांच जवान शहीद हो गए थे. यह भी पढ़ें: Farooq Abdullah On Poonch Attack: पुंछ हमले की जांच में निर्दोष लोगों को प्रताड़ित न करें सेना, टेरर अटैक पर बोले फारूक अब्दुल्ला
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राइफल्स इकाई द्वारा आयोजित इफ्तार के लिए अग्रिम इलाके के एक गांव में फलों और अन्य वस्तुओं को ले जा रहे ट्रक पर बृहस्पतिवार की शाम घात लगाकर हमला किया गया था. अधिकारियों के अनुसार इसके बाद से आतंकवादियों को पकड़ने के लिए भाटा धूरियान में व्यापक तलाश अभियान जारी है.
सेना की उत्तरी कमान ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए उधमपुर स्थित ‘कमांड हॉस्पिटल’ में लेफ्टिनेंट द्विवेदी की यात्रा की जानकारी साझा की, जहां उन्होंने आतंकवादी हमले में घायल हुए जवान से बातचीत की। इस ट्वीट के साथ दो तस्वीरें भी साझा की गईं. सेना ने ट्वीट किया, ‘‘सेना के उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने 20 अप्रैल 2023 को पुंछ में हुए हमले में जीवित बचे जवान से उधमपुर स्थित ‘कमांड हॉस्पिटल’ में मुलाकात की और जरूरी कार्रवाई जारी होने का आश्वासन दिया.’’
लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी ने शनिवार को भाटा धूरियान में उस स्थल का दौरा किया था, जहां हमला हुआ था। यह स्थान घने जंगलों, प्राकृतिक गुफाओं और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण नियंत्रण रेखा (एलओसी) के पार से घुसपैठ के लिए आतंकवादियों का पसंदीदा मार्ग बना हुआ है.
द्विवेदी ने सेना के ट्रक पर हमला करने वाले आतंकवादियों का पता लगाने के लिए इस सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और तलाश अभियान की समीक्षा की. उत्तरी कमान ने एक ट्वीट में कहा कि लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने हमले के बाद अभियान की स्थिति की समीक्षा की और उन्हें अब तक की गई कार्रवाई के बारे में जानकारी दी गई.
अधिकारियों ने कहा कि पुंछ और राजौरी सीमावर्ती जिलों में हाई अलर्ट के बीच तलाश अभियान जारी है. उन्होंने बताया कि राजौरी-पुंछ राजमार्ग पर यातायात बृहस्पतिवार शाम से बाधित था, जिसे रविवार सुबह बहाल कर दिया गया. उन्होंने बताया कि यातायात को अन्य मार्गों पर परिवर्तित किया गया था ताकि इन सीमावर्ती जिलों को जम्मू से जोड़ने वाले इस राजमार्ग पर सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के लिए 14 से 16 लोगों को हिरासत में लिया गया है.
एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘हिरासत में लिए गए लोगों में दो दंपती... पुंछ के देगवार निवासी इकबाल और उसकी पत्नी मुदिफा तथा सलाम दीन और उसकी पत्नी रशिदा शामिल हैं.’’
उन्होंने कहा कि आगे की जांच जारी है.
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 23, 2023 11:06 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

