एजेंसी न्यूज

गुजरात में मौत का तांडव: मोरबी में पुल टूटने से 77 लोगों ने गवांई जान, रेस्क्यू में जुटे एयरफोर्स के गरुड़ कमांडो

गुजरात के मोरबी शहर में रविवार की शाम मच्छु नदी पर बना केबल पुल टूटने से कम से कम 77 व्यक्तियों की मौत हो गई. यह पुल करीब एक सदी पुराना था.

गुजरात में मौत का तांडव: मोरबी में पुल टूटने से 77 लोगों ने गवांई जान, रेस्क्यू में जुटे एयरफोर्स के गरुड़ कमांडो
Gujarat Bridge Collapse (Photo Credit : Twitter)

मोरबी(गुजरात), 30 अक्टूबर: गुजरात के मोरबी शहर में रविवार की शाम मच्छु नदी पर बना केबल पुल टूटने से कम से कम 77 लोगों की मौत हो गई. यह पुल करीब एक सदी पुराना था और मरम्मत के बाद हाल ही में इसे लोगों के लिए खोला गया था. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. Gujarat Bridge Collapse: मोरबी में गिरा पुल, हादसे पर PM मोदी ने CM भूपेंद्र पटेल से की बात

अधिकारियों ने कहा कि हाल ही में मरम्मत के बाद जनता के लिए चार दिन पहले ही फिर से खोले गए इस पुल पर लोगों की काफी भीड़ थी. उन्होंने बताया कि पुल शाम करीब साढ़े छह बजे टूट गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि अंग्रेजों के समय के ‘‘हैंगिंग ब्रिज’’ पर उस समय कई महिलाएं और बच्चे थे, जब वह टूट गया. इससे लोग नीचे पानी में गिर गए.

एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ लोगों को पुल पर कूदते और उसके बड़े तारों को खींचते हुए देखा गया. उन्होंने कहा कि हो सकता है कि पुल उस पर "लोगों की भारी भीड़" के कारण टूट कर गिर गया हो. उन्होंने बताया कि पुल गिरने के चलते लोग एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े.

दीपावली की छुट्टी और रविवार होने के कारण प्रमुख पर्यटक आकर्षण पुल पर पर्यटकों की भीड़ उमड़ी हुई थी. एक निजी संचालक ने लगभग छह महीने तक पुल की मरम्मत का काम किया था. पुल को 26 अक्टूबर को गुजराती नववर्ष दिवस पर जनता के लिए फिर से खोला गया था.

दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि लोगों को नदी से निकालने के लिए नावों का इस्तेमाल किया जा रहा है. अधिकारी ने कहा, ‘‘हम नावों की मदद से बचाव कार्य कर रहे हैं. नदी में करीब 40-50 लोग हैं.’’

गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि वह त्रासदी से दुखी हैं. उन्होंने कहा, ‘‘प्रशासन द्वारा राहत और बचाव अभियान जारी है. प्रशासन को घायलों के तत्काल इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है. मैं इस संबंध में जिला प्रशासन के लगातार संपर्क में हूं.’’

प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने एक ट्वीट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुर्घटना के संबंध में मुख्यमंत्री पटेल और अधिकारियों से बात की. मोदी इस समय गुजरात में हैं. पीएमओ ने कहा, ‘‘उन्होंने (प्रधानमंत्री मोदी) बचाव अभियान के लिए दलों को तत्काल तैनात करने को कहा है. उन्होंने स्थिति पर कड़ी निगरानी रखने और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद करने को कहा है.’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 30, 2022 10:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).