Telangana Tunnel Collapse: टनल में फंसी 8 जिंदगियां, कहां तक पहुंचा रेस्क्यू ऑपरेशन; पॉइंट्स में समझिए
तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में बन रही एक टनल का छत का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में 8 मजदूर अब भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं, जिनसे अब तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है.
Telangana Tunnel Collapse: तेलंगाना के नागरकुरनूल जिले में बन रही एक टनल का छत का हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा हो गया. इस दुर्घटना में 8 मजदूर अब भी सुरंग के अंदर फंसे हुए हैं, जिनसे अब तक कोई संपर्क नहीं हो पाया है. सेना, NDRF और SDRF की टीमें बचाव कार्य में जुटी हुई हैं.
शनिवार सुबह 8:30 बजे, नागरकुरनूल जिले में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक कैनाल (SLBC) परियोजना की टनल में खुदाई का काम चल रहा था. इस दौरान टनल की छत का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे सुरंग के भीतर काम कर रहे 51 मजदूरों में से 8 फंस गए. हादसा हैदराबाद से लगभग 120 किलोमीटर दूर हुआ.
पॉइंट्स में समझिए कहां तक पहुंचा रेस्क्यू ऑपरेशन
- जिला कलेक्टर बी. संतोष के अनुसार, अब तक फंसे हुए मजदूरों से संपर्क नहीं हो सका है. बचाव दल टनल में आगे बढ़ रहा है.
- मजदूर टनल में 14 किलोमीटर अंदर फंसे हुए हैं. हादसे के समय टनल बोरिंग मशीन (TBM) के पास काम कर रहे 8 मजदूर फंस गए.
- कीचड़ और पानी बनी बड़ी चुनौती: बचाव दल 13.5 किलोमीटर तक पहुंच चुका है, लेकिन 2 किलोमीटर पहले पानी और कीचड़ के कारण भारी मशीनें अंदर नहीं जा पा रही हैं. इसलिए पहले टनल से पानी निकालने का काम किया जा रहा है.
- जब NDRF टीम 13.5 किमी तक पहुंची, तो उन्होंने फंसे हुए मजदूरों को पुकारा, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
- ऑक्सीजन और बिजली की व्यवस्था – टनल के अंदर ऑक्सीजन और बिजली सप्लाई को बहाल किया गया है, ताकि फंसे हुए मजदूरों की जान बचाई जा सके.
- बचाव कार्य में NDRF की 4 टीमें, भारतीय सेना के 24 जवान, SDRF और सिंगरेनी कोलियरी कंपनी लिमिटेड (SCCL) के 23 सदस्य जुटे हैं.
फंसे हुए मजदूरों की पहचान –
- उत्तर प्रदेश: मनोज कुमार (प्रोजेक्ट इंजीनियर), श्री निवास (फील्ड इंजीनियर)
- झारखंड: संदीप साहू, जगता एक्स, संतोष साहू, अनुज साहू
- जम्मू-कश्मीर: सनी सिंह
- पंजाब: गुरप्रीत सिंह
राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री से बात की – विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवन्त रेड्डी से फोन पर बात कर राहत कार्य की जानकारी ली और सभी मजदूरों को सुरक्षित निकालने की अपील की.
गवर्नर ने जिला कलेक्टर से जानकारी ली – तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा ने नागरकुरनूल जिला कलेक्टर से बात कर बचाव अभियान की स्थिति जानी.
तेलंगाना में टनल का हिस्सा धंसने के बाद 8 वर्कर्स को बचाने की जद्दोजहद जारी है. सेना के साथ-साथ NDRF और SDRF की टीमें भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 23, 2025 07:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

