Tejashwi Yadav Wheelchair Video: बिहार विधानसभा बजट सत्र में व्हीलचेयर पर पहुंचे तेजस्वी यादव, राज्यपाल के अभिभाषण और नीतीश सरकार की नीतियों पर बोला तीखा हमला

हार विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव चोट के कारण व्हीलचेयर पर सदन पहुंचे. उन्होंने राज्यपाल के अभिभाषण को 'पुराना और रटा-रटाया' बताते हुए कानून व्यवस्था और बेरोजगारी के मुद्दे पर नीतीश सरकार को घेरा.

(Photo Credits Bihar Tak)

 Tejashwi Yadav Wheelchair Video: बिहार विधानसभा का बजट सत्र आज सोमवार से हंगामेदार तरीके से शुरू हो गया. सत्र के पहले दिन सबसे ज्यादा चर्चा नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की रही, जो पैर में चोट के कारण व्हीलचेयर पर बैठकर सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे. इस दौरान उन्होंने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान के अभिभाषण पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए नीतीश सरकार की नीतियों को 'दशकों पुरानी' और 'विफल' करार दिया.

व्हीलचेयर पर क्यों पहुंचे तेजस्वी यादव?

आरजेडी की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, 25 जनवरी को एक दुर्घटना में तेजस्वी यादव के पैर के अंगूठे में चोट लग गई थी, जिसके कारण उनका नाखून उखड़ गया था. डॉक्टरों की सलाह पर वे फिलहाल स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं. हालांकि, सदन की महत्वपूर्ण कार्यवाही और बजट सत्र की गंभीरता को देखते हुए वे व्हीलचेयर के सहारे विधानसभा पहुंचे. उनकी इस सक्रियता को विपक्षी खेमे के लिए मनोबल बढ़ाने वाला कदम माना जा रहा है. यह भी पढ़े:  बिहार में पढ़ाई: 20 साल में 18 गुना बढ़ा बजट लेकिन अब भी सबसे बुरा हाल

बजट सत्र में व्हीलचेयर पर पहुंचे तेजस्वी यादव

राज्यपाल के अभिभाषण पर तेजस्वी का पलटवार

सदन की कार्यवाही के बाद मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने राज्यपाल के अभिभाषण को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा, "सरकार ने जो लिखकर दिया, राज्यपाल महोदय ने वही पढ़ दिया. इसमें कुछ भी नया नहीं है. पिछले 10 सालों से हम वही पुराना और रटा-रटाया भाषण सुन रहे हैं."

तेजस्वी ने सरकार पर आरोप लगाया कि अभिभाषण में केवल आंकड़ों की बाजीगरी की गई है, जबकि जमीन पर हकीकत कुछ और है. उन्होंने कहा कि बिहार विकास के मानकों पर आज भी देश में सबसे पीछे है, लेकिन भ्रष्टाचार और अपराध में अव्वल है.

कानून व्यवस्था और NEET मामले पर घेरा

तेजस्वी यादव ने राज्य की कानून व्यवस्था को 'आपातकाल' जैसी स्थिति बताया. उन्होंने हाल के दिनों में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और पटना में NEET छात्रा की संदिग्ध मौत के मामले का जिक्र करते हुए सरकार को अक्षम बताया. तेजस्वी ने सीबीआई (CBI) जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पूर्व के कई बड़े मामलों में सीबीआई अपराधियों को पकड़ने में नाकाम रही है, ऐसे में यह केवल 'हेडलाइन मैनेजमेंट' और खानापूर्ति है.

कल पेश होगा बजट 2026-27

बिहार विधानसभा का यह सत्र 27 फरवरी तक चलेगा. मंगलवार, 3 फरवरी को वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए राज्य का बजट पेश करेंगे. विपक्ष ने पहले ही संकेत दे दिए हैं कि वे रोजगार, विशेष राज्य का दर्जा और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को सदन के भीतर और बाहर घेरने की पूरी तैयारी में हैं.

Share Now

\