Taj Mahal Monkey Attack Video: ताज महल देखने आए दक्षिण कोरियाई पर्यटक पर बंदर ने किया हमला, एंबुलेंस में देरी पर ASI ने CMO से की शिकायत
ताज महल के पूर्वी गेट के बाहर दक्षिण कोरियाई महिला पर्यटक पर बंदर ने हमला कर दिया. घटना के बाद एम्बुलेंस पहुंचने में लगभग एक घंटे की देरी होने पर भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने स्वास्थ्य विभाग और मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की है.
- Read in
- English
Taj Mahal Monkey Attack Video: उत्तर प्रदेश के आगरा में विश्व प्रसिद्ध स्मारक ताज महल के पूर्वी गेट के बाहर एक दक्षिण कोरियाई महिला पर्यटक पर बंदर ने हमला कर दिया. बंदर के काटने से महिला के हाथ में गहरा घाव हो गया और तेज खून बहने लगा. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ताज महल परिसर और आसपास सुरक्षा तथा आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.
एक घंटे तक नहीं पहुंची एम्बुलेंस
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों (CISF) ने प्राथमिक उपचार के लिए पहल की. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) और CISF की टीम ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर एम्बुलेंस बुलाई. हालांकि, लगातार फोन करने के बावजूद एम्बुलेंस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची. यह भी पढ़े: Taj Mahal Controversy: ताजमहल के बंद पड़े 22 कमरों की तस्वीरें जारी, ASI ने कहा- साफ-सफाई के लिए खोले जाते हैं रूम
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में फर्स्ट एड दिए जाने के बाद पीड़ित पर्यटक को बैटरी चालित ई-रिक्शा के जरिए निजी अस्पताल (शांति मांगलिक अस्पताल) ले जाना पड़ा.
ASI ने जताई नाराजगी, ड्राइवर पर रिपोर्ट तैयार
ताज महल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक (Senior Conservation Assistant) कलंदर बिंद ने इस देरी को गंभीर लापरवाही माना है. उन्होंने बताया कि एम्बुलेंस चालक के खिलाफ रिपोर्ट तैयार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) आगरा को भेज दी गई है और उचित विभागीय कार्रवाई की मांग की गई है.
अधिकारियों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की सुरक्षा और त्वरित आपातकालीन चिकित्सा सेवा में इस तरह की ढिलाई से देश की छवि पर असर पड़ता है.
परिसर में बंदरों और आवारा कुत्तों का बढ़ता आतंक
इस घटना के बाद ताज महल परिसर के भीतर और आसपास बंदरों के बढ़ते आतंक पर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है. हाल ही में सोशल मीडिया पर एक और वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें ताज महल के सेंट्रल टैंक में कई बंदर पानी में खेलते नजर आ रहे थे.
ASI अधिकारियों के अनुसार, करीब एक महीने पहले आगरा नगर निगम को पत्र लिखकर परिसर और आसपास जमा बंदरों व आवारा कुत्तों को पकड़कर स्थानांतरित करने (Relocate) का अनुरोध किया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 29, 2026 11:18 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

