डेंगू के खिलाफ अभियान में दुकानदार भी साथ दें, '10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट' अभियान के तहत किया जा रहा है प्रोत्साहित: दिल्ली सरकार
दिल्ली सरकार द्वारा डेंगू के खिलाफ चलाए जा रहे '10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट' अभियान के सातवें सप्ताह दुकानदारों को अपनी दुकानों के आसपास मच्छरों के पनपने से रोकने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. दिल्ली सरकार ने लोगों से अपील की है कि अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को घर में एकत्रित स्वच्छ जमा पानी को बदलें.
नई दिल्ली, 18 अक्टूबर: दिल्ली सरकार द्वारा डेंगू (Dengue) के खिलाफ चलाए जा रहे '10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट' अभियान के सातवें सप्ताह दुकानदारों को अपनी दुकानों के आसपास मच्छरों के पनपने से रोकने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. दिल्ली सरकार (Delhi Government) ने सभी दुकानदारों से अपील की है कि वे हर रविवार को सुबह 10 बजे अपने कीमती समय में से केवल 10 मिनट निकालकर अपनी दुकानों और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करें और डेंगू के मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए जमा साफ पानी को बदल दें या सुखा दें.
केजरीवाल भी दिल्ली के सभी दुकानदारों को '10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट' अभियान में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे. उन्होंने कहा, "सभी दिल्लीवासियों के सामूहिक प्रयासों से हमें डेंगू के मच्छरों के प्रजनन को रोकना होगा और डेंगू से अपने परिवार और पूरी दिल्ली की रक्षा करनी होगी. आसपास के बाजार क्षेत्रों और अपनी दुकानों का निरीक्षण करने से दुकानदारों के साथ-साथ उनके ग्राहक भी डेंगू से सुरक्षित रहेंगे."
बीते सप्ताह, मुख्यमंत्री ने कहा था, "डेंगू के खिलाफ महाअभियान में इस बार मेरा परिवार भी इस अभियान में शामिल हुआ है. हमने अपने घर की जांच की और जमा साफ पानी को बदल दिया. आप भी अपने परिवार को इस मुहिम में शामिल करें. हमें '10 हफ्ते, 10 बजे, 10 मिनट, हर रविवार, डेंगू पर वार' अभियान के तहत साथ मिलकर डेंगू को हराना है." इस वर्ष, दिल्ली सरकार ने डेंगू मरीजों की मदद करने के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-23300012 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 8595920530 शुरू की है.
दिल्ली सरकार ने लोगों से अपील की है कि अभियान के तहत प्रत्येक रविवार को घर में एकत्रित स्वच्छ जमा (स्थिर) पानी को बदलें. डेंगू का मच्छर साफ स्थिर पानी में पनपता है. बर्तन, कूलर, एसी, टायर, फूलदान आदि में जमा पानी को हर हफ्ते खाली कर देना चाहिए और बदलना चाहिए. कहा गया है कि जमा हुए पानी में तेल/पेट्रोल डालें, जिससे पानी पर छोटी परत बन जाए. पानी की टंकी को हमेशा ढक्कन से ढककर रखें. दिल्ली के लोग अपने घरों का निरीक्षण करने के बाद अपने 10 दोस्तों को अभियान के संबंध में फोन करें. सभी के सहयोग से दिल्ली से डेंगू को खत्म किया जा सकता है.
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 18, 2020 10:15 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

