Shibu Soren Health Update: दिल्ली में इलाजरत झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की स्थिति चिंताजनक, स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहे लोग
दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में इलाजरत झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, झारखंड आंदोलन के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. राज्य भर में लोग उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा, भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने भी उनकी स्थिति में गिरावट पर चिंता जताते हुए उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की है.
रांची, 27 जून : दिल्ली के सर गंगाराम हॉस्पिटल में इलाजरत झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, झारखंड आंदोलन के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. राज्य भर में लोग उनके स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा, भाजपा, कांग्रेस सहित विभिन्न दलों के नेताओं ने भी उनकी स्थिति में गिरावट पर चिंता जताते हुए उनके स्वास्थ्य लाभ की कामना की है. हाल में ब्रेन स्ट्रोक के कारण उनके शरीर का बायां हिस्सा लकवाग्रस्त हो गया है. वह किडनी की बीमारी से पहले से जूझ रहे हैं और पिछले एक साल से डायलिसिस पर हैं. इसके अलावा वह डायबिटीज से भी पीड़ित हैं. कुछ साल पहले उनकी ओपेन हार्ट सर्जरी भी हुई थी.
पारिवारिक सूत्रों की ओर से बताया गया है कि अस्पताल में न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और नेफ्रोलॉजी के विशेषज्ञों की टीम लगातार उनके स्वास्थ्य पर नजर रख रही है. अस्पताल में दाखिल कराए जाने के बाद से उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है. गुरुवार को भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अस्पताल पहुंचकर शिबू सोरेन से मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य के बारे में उनके पुत्र झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से जानकारी ली थी. यह भी पढ़ें : सिकल सेल एनीमिया परियोजना बहुत सफल : सीएसआईआर महानिदेशक कलाइसेल्वी
इसके पूर्व झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने भी अस्पताल में शिबू सोरेन से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की थी. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधायक कल्पना सोरेन एवं बसंत सोरेन सहित परिवार के कई लोग दिल्ली में हैं. झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी सहित झारखंड कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शुक्रवार को शिबू सोरेन से मिलने दिल्ली पहुंचे हैं.
झारखंड के नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सोरेन की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा है, “झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने की सूचना से मन अत्यंत चिंतित है. ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना करता हूं.”
भाजपा के राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने अपने 'एक्स' हैंडल पर लिखा, “झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के अस्वस्थ होने की खबर अत्यंत दुःखद है. बाबा बैद्यनाथ से उनकी शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.” आजसू पार्टी के प्रमुख सुदेश महतो, जमशेदपुर के भाजपा सांसद विद्युत वरण महतो सहित कई नेताओं ने शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 27, 2025 04:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

