Sexual Harassment Cases: बच्चों के यौन शोषण मामले में परीक्षण के लिए चित्रकूट पहुंची CBI और AIIMS की टीम, जांच जारी
बच्चों के कथित यौन शोषण मामले में कुछ चिकित्सकीय परीक्षणों के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के डॉक्टरों के साथ केंद्रीय जांच ब्यूरो की एक टीम चित्रकूट पहुंच चुकी है. सीबीआई ने बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के संबंध में आरोपी के कब्जे से आठ मोबाइल फोन और लगभग आठ लाख रुपये जब्त किए हैं.
नई दिल्ली, 15 जनवरी : बच्चों के कथित यौन शोषण (Sexual Exploitation) मामले में कुछ चिकित्सकीय परीक्षणों के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के डॉक्टरों के साथ केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की एक टीम चित्रकूट पहुंच चुकी है. करीब 25 बच्चों के साथ कथित यौन शोषण मामले में टीम उनका परीक्षण करने के लिए पहुंची है. यौन शोषण के इस मामले में उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के एक कनिष्ठ अभियंता (JE) को गिरफ्तार किया जा चुका है. सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 25 से अधिक बच्चों का कथित तौर पर यौन शोषण करने वाले आरोपी की मेडिकल जांच के लिए दिल्ली एम्स के डॉक्टर और केंद्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी उत्तर प्रदेश के चित्रकूट पहुंचे हैं.
जांच से जुड़े सीबीआई के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि दो महिला डॉक्टरों सहित डॉक्टर्स की एक टीम एजेंसी के अधिकारियों के साथ चित्रकूट पहुंची है, जो जूनियर इंजीनियर का मूल निवास स्थान है. सीबीआई ने जूनियर इंजीनियर राम भवन को पिछले साल नवंबर में गिरफ्तार किया था. सूत्र ने कहा कि डॉक्टरों की पांच सदस्यीय टीम 25 से अधिक बच्चों का मेडिकल परीक्षण करेगी, जिनका कथित तौर पर यौन शोषण हुआ है. सूत्र ने कहा कि टीम दो दिनों तक चित्रकूट में रहेगी और राम भवन के खिलाफ और सबूत जुटाने की कोशिश करेगी. सीबीआई ने हाल ही में बच्चों के यौन शोषण मामले में गिरफ्तार किए गए उत्तर प्रदेश के सिंचाई विभाग के जेई को कुछ चिकित्सकीय परीक्षणों के लिए राष्ट्रीय राजधानी स्थित एम्स में स्थानांतरित किया था.
यह भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश: जालौन में बाल यौन शोषण मामले में बर्खास्त बीजेपी नेता के कई अश्लील वीडियो बरामद
राम भवन पर 10 साल में लगभग 50 नाबालिगों के यौन शोषण का आरोप है. यह भी आरोप लगाया गया है कि रामभवन ने यौन शोषण की तस्वीरें और वीडियो क्लिप अश्लील साइट पर बेची थीं. जांच से जुड़े सीबीआई के एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "सीबीआई को चिकित्सकीय परीक्षण करवाने के लिए सात दिन का समय मिलने के बाद आरोपी को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में शनिवार को परीक्षण के लिए ले जाया गया था.
एम्स के डॉक्टरों की एक टीम उसका परीक्षण कर रही है, जिसमें आरोपी का मानसिक संतुलन और एचआईवी परीक्षण शामिल है. चित्रकूट का रहने वाला राम भवन लंबे समय से नाबालिगों का कथित यौन शोषण करता आया है और उसे बांदा जिले से गिरफ्तार किया गया था. सीबीआई ने बच्चों के साथ दुर्व्यवहार के संबंध में आरोपी के कब्जे से आठ मोबाइल फोन और लगभग आठ लाख रुपये जब्त किए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 15, 2021 10:20 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

