घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 400 और निफ्टी में 100 अंकों की गिरावट दर्ज
कोरोना वायरस के गहराते प्रकोप के चलते विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों से सोमवार को फिर घरेलू शेयर बाजार में शुरूआती कारोबार में भारी गिरावट आई. सेंसेक्स 400 अंक टूटकर 33400 के नीचे चला गया और निफ्टी भी 100 अंकों की गिरावट के साथ 9900 के नीचे लुढ़क गया.
मुंबई, 15 जून : कोरोनावायरस (Coronavirus) के गहराते प्रकोप के चलते विदेशी बाजारों से मिले कमजोर संकेतों से सोमवार को फिर घरेलू शेयर बाजार में शुरूआती कारोबार में भारी गिरावट आई. सेंसेक्स 400 अंक टूटकर 33400 के नीचे चला गया और निफ्टी भी 100 अंकों की गिरावट के साथ 9900 के नीचे लुढ़क गया. सुबह 9.40 बजे सेंसेक्स पिछले सत्र से 377.45 अंकों यानी 1.12 फीसदी की गिरावट के साथ 33,403.44 पर कारोबार कर रहा था और निफ्टी भी 95.15 अंकों यानी 0.95 फीसदी की गिरावट के साथ 9877.75 पर कारोबार कर रहा था.
एशियाई बाजारों में सोमवार को आई गिरावट का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिखा. कारोबार के आरंभ में बंबई स्टॉक एक्सचेंज के 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स पिछले सत्र से 110.34 अंकों की गिरावट के साथ 33,670.55 पर खुला और 33,381.17 तक लुढ़का.
यह भी पढ़ें: घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स 1190 और निफ्टी 350 अंकों से लुढका, गिरावट दर्ज
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 53.55 अंकों की गिरावट के साथ 9919.35 पर खुला और 9862.50 तक लुढ़का. बाजार के जानकार बताते हैं कि भारत समेत दुनिया के अन्य देशों में कोरोनावायरस का प्रकोप गहराता जा रहा है, जिसके कारण शेयर बाजार में अनिश्चितता के माहौल बना है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 15, 2020 10:44 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

