देश

रोहित शेखर मर्डर केस: दिल्ली पुलिस ने पत्नी अपूर्वा को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को रोहित शेखर तिवारी की पत्नी अपूर्वा को उनकी कथित तौर पर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किया है.

रोहित शेखर मर्डर केस: दिल्ली पुलिस ने पत्नी अपूर्वा को किया गिरफ्तार, देखें वीडियो
रोहित शेखर की पत्नी को पुलिस ने किया गिरफ्तार (Photo Credits- PTI/ANI)

दिल्ली पुलिस ने बुधवार को रोहित शेखर तिवारी (Rohit Shekhar Tiwari) की पत्नी अपूर्वा (Apoorva) को उनकी कथित तौर पर हत्या करने के मामले में गिरफ्तार किया है. दिल्ली पुलिस ने रोहित शेखर तिवारी  की पत्नी अपूर्वा और दो घरेलू सहायकों को रविवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था. सूत्रों ने बताया था कि पुलिस रोहित तिवारी की हत्या के मामले में अपूर्वा को मुख्य संदिग्ध (Prime Suspect) मान रही थी, इसलिए उन्हें पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था. दिल्ली पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद रोहित तिवारी की हत्या के मामले में गुरुवार को मामला दर्ज किया था. रिपोर्ट में बताया गया कि तिवारी की हत्या गला घोंटे जाने के कारण सांस रुकने से हुई. मामले को जांच के लिए अपराध शाखा (Crime Branch) के पास भेज दिया गया था.

इससे पहले अपराध शाखा ने दक्षिणी दिल्ली के डिफेंस कॉलोनी में रोहित तिवारी के घर पर शनिवार को अपूर्वा से आठ घंटे पूछताछ की थी. सूत्रों ने कहा था कि अपूर्वा से डिफेंस कालोनी स्थित उनके आवास में उनके प्रवेश, उनकी दिनचर्या के बारे में पूछताछ की गई...कि उन्होंने दिन में क्या किया और यह कि उन्हें तब अजीब क्यों नहीं लगा जब शेखर पूरे दिन सोते रहे. सूत्रों ने बताया कि शेखर के भाई सिद्धार्थ और घरेलू सहायकों मार्था और गोलू से भी पूछताछ की गई क्योंकि वे भी शेखर की मृत्यु के समय आवास में मौजूद थे. यह भी पढ़ें- पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से बड़ा खुलासा, ND तिवारी के बेटे रोहित शेखर की हुई थी अप्राकृतिक मौत

देखें वीडियो-

गौरतलब है कि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत एन. डी. तिवारी के पुत्र शेखर को मंगलवार को दक्षिण दिल्ली के एक अस्पताल लाया गया था जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 24, 2019 11:47 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).