Rahul Gandhi Rally In Prayagraj: 'दर्द, डेटा और दौलत' के सहारे राहुल गांधी ने साधा केंद्र पर निशाना, प्रयागराज की 'छात्रों की गूंज' रैली में उठाए रोजगार और पेपर लीक के मुद्दे (Video)
प्रयागराज में 'छात्रों की गूंज' रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने रोजगार, पेपर लीक, शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा. उन्होंने 'दर्द, डेटा और दौलत' के जरिए अपनी बात रखी.
Rahul Gandhi Rally In Prayagraj: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को प्रयागराज के कायस्थ पाठशाला (KP) ग्राउंड में आयोजित 'छात्रों की गूंज' रैली को संबोधित किया. कांग्रेस के देशव्यापी अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी शामिल हुए. अपने संबोधन में राहुल गांधी ने भारत के युवाओं को देश की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि दुनिया में उनकी क्षमता का कोई मुकाबला नहीं है. Rahul Gandhi Favourite BJP Leader: राहुल गांधी के पसंदीदा बीजेपी नेता कौन हैं? पूछने पर बताया इनका नाम
'दर्द, डेटा और दौलत' के जरिए सरकार पर हमला
राहुल गांधी ने अपने भाषण को 'दर्द, डेटा और दौलत' जैसे तीन प्रमुख विषयों के इर्द-गिर्द रखा. उन्होंने आरोप लगाया कि नीतिगत खामियों, लगातार हो रहे परीक्षा पेपर लीक और शिक्षा की बढ़ती लागत ने युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सीमित कर दिए हैं.
रोजगार और शिक्षा को लेकर क्या बोले राहुल गांधी?
रोजगार और शिक्षा के मुद्दे पर राहुल गांधी ने कहा कि आज भारत में डिग्रियों और सर्टिफिकेट की अहमियत कम हो गई है क्योंकि वे नौकरी दिलाने में सक्षम नहीं हैं. उन्होंने कहा, "आज भारत में शिक्षा के सर्टिफिकेट का कोई मतलब नहीं रह गया है, क्योंकि वे आपको नौकरी नहीं दिला सकते. भारत में रोजगार के सभी दरवाजे बंद हो चुके हैं."
राहुल गांधी ने दावा किया कि मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में गिरावट, छोटे कारोबारियों को बैंक से ऋण मिलने में कठिनाई, भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से रोजगार पर बढ़ते खतरे ने युवाओं की मुश्किलें बढ़ा दी हैं.
भारत के युवाओं को बताया सबसे बड़ी ताकत
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारत के लगभग 40 करोड़ युवा देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं. उन्होंने कहा, "दुनिया अमेरिका, चीन और रूस की बात करती है, लेकिन भारत के युवा सबसे अलग और सबसे ज्यादा क्षमता वाले हैं. देश की आत्मा और भविष्य युवाओं में ही बसता है."
राहुल गांधी ने प्रयागराज में 'छत्रों की गूंज' रैली को संबोधित किया:
छात्रों से की शांतिपूर्ण संघर्ष की अपील
हाल के छात्र आंदोलनों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं ने अपने डर पर जीत हासिल कर देश में बदलाव की नई उम्मीद जगाई है. हालांकि उन्होंने छात्रों से संविधान और अहिंसा के रास्ते पर चलते हुए अपनी आवाज उठाने की अपील की. उन्होंने कहा, "आप भारत की आत्मा और भविष्य हैं. आपको नफरत या हिंसा का रास्ता नहीं अपनाना चाहिए. हम प्यार और भाईचारे के जरिए व्यवस्था बदलेंगे."
भारी बारिश के बावजूद जुटी भीड़
हाल ही में हुई बारिश के कारण रैली स्थल पर जलभराव और कीचड़ की स्थिति थी, लेकिन इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र और युवा कार्यक्रम में पहुंचे. कार्यक्रम को लेकर पहले प्रशासनिक अनुमति को लेकर असमंजस की स्थिति बनी थी, हालांकि बाद में कुछ शर्तों के साथ अनुमति दे दी गई.
'छात्रों की गूंज' अभियान का तीसरा चरण
प्रयागराज की यह रैली कांग्रेस के 'छात्रों की गूंज' अभियान का तीसरा प्रमुख कार्यक्रम थी. इससे पहले पार्टी राजस्थान के कोटा और उत्तराखंड के देहरादून में भी इसी तरह की रैलियां आयोजित कर चुकी है. कांग्रेस इस अभियान के जरिए खासकर उत्तर प्रदेश में युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है.