देश

पाकिस्तान में ननकाना साहिब के गुरूद्वारे पर हमला, राहुल गांधी ने की निंदा

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पाकिस्तान में ननकाना साहिब पर भीड़ के कथित पथराव एवं नारेबाजी की घटना की निंदा करते हुए शनिवार को कहा कि परस्पर सम्मान और प्रेम की बदौलत ही धर्मान्धता के जहर को खत्म किया जा सकता है

पाकिस्तान में  ननकाना साहिब के गुरूद्वारे पर हमला, राहुल गांधी ने की निंदा
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Photo Credit-Twitter)

नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने पाकिस्तान में ननकाना साहिब पर भीड़ के कथित पथराव एवं नारेबाजी की घटना की निंदा करते हुए शनिवार को कहा कि परस्पर सम्मान और प्रेम की बदौलत ही धर्मान्धता के जहर को खत्म किया जा सकता है. उन्होंने ट्वीट कर कहा,''ननकाना साहिब पर हमला निंदनीय है और इसकी खुल कर भर्त्सना करनी चाहिए. गांधी ने कहा, '' धर्मान्धता खतरनाक है और यह बहुत पुराना जहर है जिसकी कोई सीमा नहीं होती.

प्रेम, परस्पर सम्मान और समझ ही इस जहर को खत्म करती है. इस घटना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुज्जफरनगर में संवाददाताओं से कहा कि ऐसी किसी भी घटना की निंदा होनी चाहिए.पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ''ननकाना साहिब गुरुद्वारे पर हुआ हमला मानवता के आदर्शों व धार्मिक मूल्यों को शर्मसार करने वाली घटना है। इस हमले के लिए सीधे तौर पर पाकिस्तान की सरकार ज़िम्मेवार है। इस घटना की हम कड़े शब्दों में निंदा करते हैं. यह भी पढ़े: ननकाना साहिब गुरुद्वारे में फंसे लोगों के प्रति सीएम अमरिंदर सिंह ने जाहिर की चिंता, इमरान खान से की श्रद्धालुओं को बचाने की अपील

उन्होंने कहा, ''पाकिस्तान की सरकार ननकाना साहिब की सुरक्षा सुनिश्चित करे. कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने भी इस घटना की भर्त्सना की है. गौरतलब है कि पाकिस्तान में सिख किशोरी से शादी करने वाले एक मुस्लिम व्यक्ति के परिवार की अगुवाई में कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदारों की गिरफ्तारी के विरोध में शुक्रवार को यहां गुरद्वारा जन्मस्थान ननकाना साहिब के बाहर प्रदर्शन किया. खबरों के अनुसार भीड़ ने गुरद्वारे पर धावा बोल दिया और सिख श्रद्धालुओं पर पथराव किया। भारतीय विदेश मंत्रालय ने घटना की निंदा की है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 04, 2020 02:39 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).